बाराबंकी : जिले में तैनात एक महिला कांस्टेबल की हत्या कर दी गई है। कांस्टेबल का शव मसौली थाना क्षेत्र में लखनऊ-बहराइच हाईवे पर बिंदौरा गांव के पास झाड़ियों में मिला। आईजी अयोध्या रेंज प्रवीण कुमार मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिला कांस्टेबल की हत्या किसी खास मकसद से की गई है। प्रथम दृष्टया बलात्कार के कोई सबूत नहीं मिले हैं। बताया जा रहा है कि महिला कांस्टेबल की हत्या उसके साथी पुरुष कांस्टेबल ने की है। पुलिस फरार कांस्टेबल की तलाश कर रही है।
जानकारी के अनुसार, महिला कांस्टेबल विमलेश जिले के सुबेहा थाने में तैनात थी। वह महादेवा इलाके में विशेष ड्यूटी पर थी। बुधवार सुबह उसका शव मिलने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। साथ ही आरोपी कांस्टेबल की तलाश की जा रही है।
पुलिस महानिरीक्षक अयोध्या रेंज प्रवीण कुमार ने बताया कि यह महिला कांस्टेबल एक पुरुष कांस्टेबल से बात करती थी। दोनों एक-दूसरे से मिलते भी थे। कुछ समय पहले महिला कांस्टेबल ने उसके खिलाफ बलात्कार का मामला दर्ज कराया था। इसके बाद महिला कांस्टेबल ने कोर्ट में 164 के तहत दिए बयान में कहा कि दोनों ने कोर्ट मैरिज कर ली है और अब वह कोई कार्रवाई नहीं चाहती।
पुलिस महानिरीक्षक ने बताया कि यह एक खास मकसद से की गई हत्या है। अब तक जो भी साक्ष्य सामने आए हैं, उसके अनुसार यह हत्या उसी पुरुष कांस्टेबल सहकर्मी द्वारा की गई प्रतीत होती है। आरोपी पुरुष कांस्टेबल फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जाएगी। जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, महिला कांस्टेबल विमलेश सुल्तानपुर जिले के जयसिंहपुर थाना क्षेत्र के अहिरौली भभोट की रहने वाली थी। पिता का नाम भरत पाल है। पिता अमेठी में पुलिस विभाग में अनुचर थे। पिता की मृत्यु के बाद विमलेश को वर्ष 2017 में मृतक आश्रित कोटे में नौकरी मिल गई थी। विमलेश चार बहनों में तीसरे नंबर की थी। वह अभी अविवाहित थी और जिले के सुबेहा थाने में तैनात थी। महादेवा मेले में उसकी ड्यूटी लगी हुई थी।

