प्रयागराज: संगम नगरी में दिनदहाड़े एक खौफनाक वारदात हुई। घूरपुर थाना क्षेत्र के कांटी गांव में गुरुवार सुबह एक 15 वर्षीय किशोरी की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। सुबह करीब साढ़े पांच बजे शौच के लिए घर से निकली किशोरी कुछ घंटे बाद घर से थोड़ी दूर एक खेत में खून से लथपथ मिली। शव मिलने से गांव में हड़कंप मच गया। पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फोरेंसिक विशेषज्ञों ने साक्ष्य जुटाए। स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) और पुलिस की कई टीमें जांच कर रही हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, यमुनानगर के घूरपुर थाना क्षेत्र के कांटी गांव निवासी रमेश सोनकर किसान हैं और उनकी 15 वर्षीय बेटी सरिता घर पर ही रहती थी। गुरुवार सुबह साढ़े पाँच बजे सरिता अकेले ही खेत में शौच के लिए गई थी। कुछ घंटे बाद, गाँव के ही शिवकांत ने पास के एक निर्माणाधीन मकान के पास सरिता का खून से लथपथ शव देखा। वह दौड़कर रमेश को सूचना देने गया।
जब पिता रमेश घटनास्थल पर पहुँचा, तो उसने अपनी बेटी का खून से लथपथ शव पड़ा देखा। कुछ ही देर में किशोरी की हत्या की खबर पूरे गाँव में फैल गई और बड़ी संख्या में लोग वहाँ जमा हो गए। पिता ने पुलिस को किसी आपसी रंजिश की बात नहीं बताई है। पुलिस अभी भी हत्या के पीछे के मकसद की जाँच कर रही है। आस-पास लगे सीसीटीवी फुटेज की भी जाँच की जा रही है।
डीसीपी यमुनानगर विवेक चंद्र यादव ने बताया कि किशोरी के गले पर किसी धारदार हथियार के गहरे निशान हैं। हत्या का मकसद अभी स्पष्ट नहीं है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए स्वरूप रानी नेहरू मेडिकल कॉलेज के शवगृह भेज दिया गया है। परिवार से पूछताछ की जा रही है और हत्या के पीछे के मकसद का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

