सुल्तानपुर : जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र के मियागंज बाजार में बुधवार सुबह करीब चार बजे एक जोरदार विस्फोट हुआ। विस्फोट इतना जोरदार था कि नजीर अहमद का पक्का मकान पूरी तरह ढह गया, जबकि आसपास के तीन मकान भी क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में एक ही परिवार के सदस्यों समेत कुल 12 लोग घायल हो गए।
सूचना मिलने पर पुलिस, दमकल और एम्बुलेंस की टीमें मौके पर पहुँचीं और बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को सीएचसी जयसिंहपुर ले जाया गया, जहाँ चार की हालत गंभीर होने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज सुल्तानपुर रेफर कर दिया गया। पटाखा विस्फोट का संदेह है। फोरेंसिक टीम फिलहाल जाँच कर रही है। पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में भी लिया है।
लक्ष्मी प्रसाद ने बताया कि लगातार कई विस्फोटों से दीवारें और छतें हिल गईं, जिससे घर का सामान नष्ट हो गया। घटनास्थल से बारूद की गंध महसूस की गई और पटाखों के खोखे भी मिले, जिससे पुलिस को पटाखा विस्फोट का संदेह हुआ। बताया जा रहा है कि नजीर अहमद का बड़ा बेटा यासिर पटाखा व्यवसाय से जुड़ा है, हालाँकि वह परिवार से अलग घर में रहता है। फोरेंसिक टीम घटनास्थल की जाँच कर रही है। उसके बाद ही विस्फोट के सही कारण का पता चल पाएगा।
मौके पर पहुँचे महानिरीक्षक प्रवीण कुमार ने बताया कि मोहम्मद यासीन के पास पटाखे रखने का लाइसेंस था। विस्फोट कैसे हुआ, इसकी जाँच की जाएगी। यह भी पता लगाया जाएगा कि भंडारण निर्धारित सीमा से ज़्यादा तो नहीं था। घायलों का इलाज चल रहा है।

