दोमुंहा सांप दिखाकर लोगों को ठगने वाला शातिर गिरफ्तार, ऑडी कार समेत लाखों की नकदी बरामद

Man arrested for duping people by showing them a two-headed snake
सहारनपुर : जनपद की थाना कुतुबशेर पुलिस ने एक ऐसे शातिर ठग को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है, जो दोमुंहा सांप (रेड सैंड बोआ) को चमत्कारी और दुर्लभ जीव बताकर लोगों से लाखों रुपये की ठगी करता था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 4 लाख 94 हजार रुपये नकद, एक ऑडी क्यू-3 कार, दो दुर्लभ दोमुंहे सांप, नोट गिनने की मशीन, फर्जी आधार कार्ड तथा बड़ी संख्या में मनोरंजन नोट और सफेद कागजों की गड्डियां बरामद की हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर के निर्देशन में अपराध नियंत्रण और प्रतिबंधित वन्यजीवों की तस्करी रोकने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कुतुबशेर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति दुर्लभ दोमुंहे सांपों के नाम पर लोगों को धोखा देकर मोटी रकम वसूल रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने दबनी कब्रिस्तान वाले खंडजे पर पूजा एन्कलेव के पास घेराबंदी कर आरोपी आस मोहम्मद पुत्र मोहम्मद भोल्लर निवासी शिवधाम कॉलोनी, खताखेड़ी, थाना मंडी, सहारनपुर को गिरफ्तार कर लिया।
एसपी सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे और निशानदेही पर दो रेड सैंड बोआ सांप, 4.94 लाख रुपये नकद, 127 गड्डी मनोरंजन बैंक नोट, 145 गड्डी सफेद कागज, दो कूटरचित आधार कार्ड, एक ऑडी क्यू-3 कार और नोट गिनने की मशीन बरामद की। पुलिस के अनुसार आरोपी इन सामानों का उपयोग लोगों को प्रभावित करने और अपने झांसे में लेने के लिए करता था।
पूछताछ में आरोपी ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए। उसने बताया कि उसने अपनी असली पहचान छिपाने के लिए फर्जी आधार कार्ड बनवा रखा था और अलग-अलग नामों से लोगों से संपर्क करता था। आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर दोमुंहे सांपों की अवैध खरीद-फरोख्त करता था। उसने बताया कि हाल ही में वह और उसके साथी एक दोमुंहा सांप 15 लाख रुपये में बेचकर आए थे। इस सौदे में उसके दोनों साथियों ने अपने-अपने हिस्से के पांच-पांच लाख रुपये ले लिए थे, जबकि खर्च काटने के बाद शेष 4.94 लाख रुपये उसके पास बचे थे, जिन्हें पुलिस ने बरामद कर लिया।
आरोपी ने यह भी बताया कि वह लोगों को यह विश्वास दिलाने के लिए कि उसके पास भारी मात्रा में धन है, मनोरंजन नोटों और सफेद कागजों की गड्डियों का इस्तेमाल करता था। बैग में रखी इन गड्डियों को देखकर लोग प्रभावित हो जाते थे और आसानी से उसके जाल में फंस जाते थे। इसके बाद वह दोमुंहे सांपों को चमत्कारी, औषधीय गुणों वाला और अत्यधिक मूल्यवान बताकर उनसे मोटी रकम ऐंठ लेता था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही उसके फरार साथियों और इस पूरे गिरोह के नेटवर्क की भी जांच शुरू कर दी गई है। एसपी सिटी का कहना है कि मामले में आगे और भी महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं। गिरफ्तार आरोपी को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts