सहारनपुर : सहारनपुर में थाना कोतवाली मंडी पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के मामले में फरार चल रहे एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए गए अभियान के तहत पुलिस ने आरोपी को चिलकाना अड्डे के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार 24 जुलाई 2026 को पीड़िता के परिजनों ने थाना कोतवाली मंडी में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनकी नाबालिग बेटी को मोहम्मद जैद अली पुत्र परवेज आलम बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पीड़िता के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले में दुष्कर्म की धारा 64(1) बीएनएस तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 3/4 भी बढ़ाई गई। इसके बाद आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गईं और लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी नगर प्रथम के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक सतपाल सिंह भाटी के नेतृत्व में पुलिस टीम आरोपी की तलाश में जुटी रही।
एसपी सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि शुक्रवार को मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस ने चिलकाना अड्डे के पास घेराबंदी कर आरोपी मोहम्मद जैद अली को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी मूल रूप से नई बस्ती इस्लामाबाद गली नंबर-1, खाताखेड़ी, थाना मंडी का निवासी है और वर्तमान में पुराना कलसिया रोड स्थित नईम कॉलोनी में रह रहा था। पुलिस ने गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिलाओं और बच्चों से जुड़े अपराधों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई कर आरोपियों को कानून के दायरे में लाना प्राथमिकता है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अय्यूब अली और कांस्टेबल रवि कुमार शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है और उसे नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...


