सहारनपुर : सहारनपुर पुलिस द्वारा नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन सवेरा – नशे के अंधकार से जीवन के उजाले की ओर” अभियान चलाया जा रहा है। थाना कुतुबशेर पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने 480 ग्राम अवैध चरस के साथ दो शातिर नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें विधिक कार्यवाई की जा रही है। पास से पकड़ी गई चरस की कीमत अंतराष्ट्रीय बाजार में 24 लाख रुपये आंकी जा रही है। पकडे गए नशा तस्कर सहारनपुर मंडल के में अलग अलग स्थानों पर चरस की सप्लाई करते थे।
पुलिस के अनुसार पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र के निर्देश पर सहारनपुर, मुजफ्फरनगर और शामली जनपदों में मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने के लिए विशेष अभियान “ऑपरेशन सवेरा” चलाया जा रहा है। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी नगर प्रथम के पर्यवेक्षण तथा थाना कुतुबशेर प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार त्यागी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।
मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर 30 जुलाई 2026 को थाना कुतुबशेर पुलिस ने ग्राम भाऊपुर के निकट निर्माणाधीन बायपास पर घेराबंदी की। इस दौरान दो संदिग्ध युवकों को रोककर तलाशी ली गई। पूछताछ में उनकी पहचान आहद पुत्र शहनवाज उर्फ सिकंदर निवासी ढोली खाल, थाना कुतुबशेर और दानिश पुत्र फिरोज कुरैशी निवासी मोहल्ला कस्साबान, थाना बेहट के रूप में हुई।
एसपी सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि तलाशी के दौरान आरोपी आहद के कब्जे से 240 ग्राम तथा आरोपी दानिश के कब्जे से 240 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई। कुल 480 ग्राम चरस की बरामदगी के आधार पर दोनों के खिलाफ थाना कुतुबशेर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी दानिश पहले से ही कई आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। उसके खिलाफ चोरी, अवैध हथियार रखने और एनडीपीएस एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि बरामद चरस कहां से लाई गई थी और इसे किन क्षेत्रों में सप्लाई किया जाना था। इसके साथ ही आरोपियों के नेटवर्क और अन्य सहयोगियों की भी तलाश की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार त्यागी, उपनिरीक्षक सुभाषचंद्र, हेड कांस्टेबल अरविंद कुमार तथा कांस्टेबल सद्दाम शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि जिले में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अपराधियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...


