गोरखपुर से अखिलेश यादव ने भरी 2027 की सियासी हुंकार, PDA रथ से किया रोड शो, शहीद बंधू सिंह की प्रतिमा का करेंगे अनावरण

Gorakhpur roadshow

गोरखपुर : उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। समाजवादी पार्टी ने पूर्वांचल में अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने की रणनीति के तहत गोरखपुर को केंद्र बनाना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में बुधवार को सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव गोरखपुर पहुंचे। करीब 12:50 बजे गोरखपुर एयरपोर्ट पहुंचने के बाद वह PDA रथ पर सवार होकर रोड शो के लिए रवाना हो गए।

अखिलेश यादव का PDA रथ रोड शो गोरखपुर एयरपोर्ट से शुरू हुआ। करीब 20 किलोमीटर की दूरी तय कर यह चौरी चौरा पहुंचेगा। यहां से अखिलेश यादव देवकही गांव जाएंगे, जहां 1857 के स्वतंत्रता संग्राम के अमर सेनानी शहीद बंधू सिंह की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। इसके बाद वह जनसभा को संबोधित करेंगे। पूरे कार्यक्रम के लिए करीब दो घंटे का समय निर्धारित किया गया है।

इस आयोजन को सफल बनाने के लिए समाजवादी पार्टी ने व्यापक तैयारियां की हैं। गोरखपुर जिले की सभी नौ विधानसभा सीटों से पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे हैं। इसके अलावा पूर्वी उत्तर प्रदेश के अन्य जिलों से भी बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ताओं के पहुंचने की जानकारी है। रोड शो के जरिए पार्टी अपनी ताकत दिखाने के साथ ही आगामी विधानसभा चुनाव के लिए राजनीतिक माहौल तैयार करने की कोशिश कर रही है।

चौरी चौरा की क्रांतिकारी पहचान पर सपा का फोकस

अखिलेश यादव के इस दौरे का एक महत्वपूर्ण पहलू चौरी चौरा की ऐतिहासिक और क्रांतिकारी पहचान है। 1857 के स्वतंत्रता संग्राम के अमर सेनानी शहीद बंधू सिंह की प्रतिमा का अनावरण कर सपा स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत से जुड़ने का संदेश देना चाहती है। राजनीतिक जानकारों के मुताबिक, ऐतिहासिक स्थलों और स्थानीय नायकों को केंद्र में रखकर पार्टी पूर्वांचल के लोगों के साथ अपना जुड़ाव मजबूत करने की कोशिश कर रही है।

तिवारी हाता भी जाएंगे अखिलेश यादव

चौरी चौरा में कार्यक्रम समाप्त होने के बाद अखिलेश यादव पूर्व सांसद भीष्म शंकर तिवारी और पूर्व विधायक विनय शंकर तिवारी के आवास ‘तिवारी हाता’ भी जाएंगे। यहां वह करीब आधे घंटे तक रुकेंगे। इसके बाद गोरखपुर एयरपोर्ट पहुंचकर निजी विमान से लखनऊ के लिए रवाना होंगे।

अजय सिंह उर्फ टप्पू की सपा में एंट्री पर नजर

अखिलेश यादव के गोरखपुर दौरे के दौरान एक और राजनीतिक घटनाक्रम चर्चा में है। बताया जा रहा है कि अजय सिंह उर्फ टप्पू बुधवार को आधिकारिक रूप से समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण करेंगे। उन्होंने 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा से टिकट की दावेदारी की थी, लेकिन टिकट नहीं मिलने पर निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ा था। उस चुनाव में उन्हें करीब 30 हजार वोट मिले थे।

ऐसे में अजय सिंह उर्फ टप्पू का सपा में शामिल होना गोरखपुर की स्थानीय राजनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कुल मिलाकर अखिलेश यादव का यह दौरा केवल एक रोड शो और प्रतिमा अनावरण तक सीमित नहीं है, बल्कि इसे 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले पूर्वांचल में समाजवादी पार्टी की राजनीतिक सक्रियता बढ़ाने की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts