लखनऊ : उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी माहौल धीरे-धीरे गर्म होने लगा है। भारतीय जनता पार्टी ने लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी की रणनीति पर काम शुरू कर दिया है। इसी बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दावा किया है कि उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार तीसरी बार पूर्ण बहुमत के साथ बनेगी। उन्होंने कहा कि इस बार पार्टी केवल जीत की हैट्रिक ही नहीं लगाएगी, बल्कि एक नया राजनीतिक रिकॉर्ड भी कायम करेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नेतृत्व, भाजपा के करोड़ों समर्पित कार्यकर्ताओं की ताकत और डबल इंजन सरकार की उपलब्धियां पार्टी की जीत का आधार बनेंगी।
एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भाजपा पूरी मजबूती और दमदारी के साथ आगामी विधानसभा चुनाव में उतरेगी। पार्टी को जनता का आशीर्वाद मिलेगा और उत्तर प्रदेश में तीसरी बार प्रचंड बहुमत की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि किसी को भी भाजपा की जीत को लेकर संदेह नहीं करना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने अपने राजनीतिक कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि वह उत्तर प्रदेश के पहले ऐसे मुख्यमंत्री हैं, जिन्होंने लगातार पांच वर्ष तक सरकार चलाने के बाद दोबारा विधानसभा चुनाव जीता और फिर पांच वर्ष तक लगातार मुख्यमंत्री के रूप में कार्य किया। उन्होंने कहा कि भाजपा पहले भी कई राजनीतिक रिकॉर्ड तोड़ चुकी है और 2027 में भी नया इतिहास रचेगी।
कैडर आधारित पार्टी है भाजपा, कार्यकर्ता इसकी सबसे बड़ी ताकत
मुख्यमंत्री योगी ने भाजपा को दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बताते हुए कहा कि यह परिवार आधारित नहीं, बल्कि कैडर आधारित संगठन है। पार्टी में किसी परिवार विशेष के बजाय कार्यकर्ताओं के मूल्यों, सिद्धांतों और आदर्शों को महत्व दिया जाता है। करोड़ों कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है।
उन्होंने विपक्षी दलों, विशेषकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि इंडी गठबंधन या समाजवादी पार्टी की सरकारों में उत्तर प्रदेश जैसे सुशासन की कल्पना भी नहीं की जा सकती थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा का स्पष्ट उद्देश्य प्रदेश में भयमुक्त वातावरण स्थापित करना और प्रत्येक नागरिक को सुरक्षा प्रदान करना है। जब जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और कार्यकर्ता एक मिशन के साथ काम करते हैं, तभी सुशासन और सुरक्षा का माहौल तैयार होता है।
सपा-कांग्रेस के शासनकाल को बताया अराजकता का दौर
योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि विपक्षी दलों के शासनकाल में प्रदेश में अराजकता, गुंडाराज और जंगलराज का माहौल था। थाना, तहसील और जिला स्तर तक व्यवस्था प्रभावित थी। उन्होंने आरोप लगाया कि जब भी इन दलों को सत्ता मिली, प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब हुई। कर्फ्यू, दंगे, लूट और व्यापारियों से रंगदारी जैसी घटनाएं उत्तर प्रदेश की पहचान बन गई थीं।
उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव में भाजपा अपने सहयोगी दलों के साथ जनता के बीच इन मुद्दों को लेकर जाएगी। मुख्यमंत्री के मुताबिक, जनता को यह तय करना है कि उसे सुरक्षा और विकास चाहिए या फिर परिवारवाद और अराजकता की राजनीति।
परिवारवाद और जातिवाद ने प्रदेश को पीछे धकेला
80-20 के मुद्दे पर पूछे गए सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा पहले भी चुनावों में बड़ी उपलब्धियां हासिल कर चुकी है। विपक्ष चाहे जितना दुष्प्रचार करे या समाज को बांटने की कोशिश करे, प्रदेश की जनता परिवारवाद, जातिवाद और विभाजनकारी राजनीति के परिणामों को जानती है।
उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों में बेटियों की सुरक्षा खतरे में थी, व्यापारियों को रंगदारी देने के लिए मजबूर होना पड़ता था और युवाओं की नौकरियों पर प्रभावशाली लोगों का कब्जा रहता था। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के शासनकाल में राजनीति का अपराधीकरण हो गया था। वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया जैसी स्थिति बन गई थी और थानों पर भी दबंगों का प्रभाव रहता था।
भर्ती आयोगों को लेकर भी मुख्यमंत्री ने पिछली सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि अयोग्य लोगों को महत्वपूर्ण पदों पर बैठाकर भर्ती प्रक्रिया में गड़बड़ी की गई। परीक्षा में शामिल नहीं होने वाले लोगों तक को नियुक्ति पत्र दिए जाने की शिकायतें सामने आती थीं।
रात दो बजे भी बेखौफ घर लौट रही हैं बेटियां
प्रदेश की कानून-व्यवस्था में बदलाव का उदाहरण देते हुए मुख्यमंत्री ने लखनऊ स्थित एचसीएल टेक के कैंपस का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2017 में इस कैंपस में लगभग 100 लोग काम करते थे, जबकि आज यहां उत्तर प्रदेश के करीब 18 हजार युवा रोजगार प्राप्त कर रहे हैं।
योगी ने बताया कि यहां काम करने वाली कई युवतियां बाराबंकी, सीतापुर, उन्नाव, रायबरेली और लखनऊ के अलग-अलग इलाकों से आती हैं। उन्होंने नाइट शिफ्ट में काम करने वाली युवतियों से पूछा कि क्या उन्हें रात में घर लौटते समय डर लगता है। इस पर युवतियों ने बताया कि वे रात दो बजे ड्यूटी खत्म होने के बाद भी बाइक से बेखौफ अपने घर जाती हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवतियों का यह जवाब प्रदेश में बदली कानून-व्यवस्था और सुरक्षा के माहौल को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि अब उत्तर प्रदेश में गुंडाराज नहीं है और बेटियां बिना किसी डर के काम कर सकती हैं।
निवेश और रोजगार के लिए बदली उत्तर प्रदेश की पहचान
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में बेहतर कानून-व्यवस्था का सकारात्मक असर निवेश और रोजगार पर पड़ा है। एचसीएल ने फॉक्सकॉन के साथ मिलकर उत्तर प्रदेश में पहली सेमीकंडक्टर यूनिट लगाने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई है और इस दिशा में तेजी से काम चल रहा है।
उन्होंने वर्ष 2017 से पहले की सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उस समय इन्वेस्टर्स समिट आयोजित होने के बावजूद निवेशक लखनऊ आने को तैयार नहीं थे। उन्होंने तत्कालीन मुख्यमंत्री की कार्यशैली पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जो मुख्यमंत्री अपनी कुर्सी जाने के डर से नोएडा जाने से बचता हो, उस प्रदेश में विकास की उम्मीद कैसे की जा सकती थी।
योगी ने आरोप लगाया कि पिछली सरकार में दंगाइयों को संरक्षण दिया जाता था, जबकि वर्तमान सरकार में कानून तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई होती है। उन्होंने कहा कि आज किसी को भी व्यापारिक प्रतिष्ठानों में आग लगाने या बेटियों की गरिमा के साथ खिलवाड़ करने की छूट नहीं है।
मुख्यमंत्री के इन बयानों से साफ है कि भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव में कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा, निवेश, रोजगार और विकास को प्रमुख चुनावी मुद्दा बनाने की तैयारी में है। वहीं, तीसरी बार सरकार बनाने का दावा कर योगी आदित्यनाथ ने चुनाव से पहले पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह भरने और विपक्ष के सामने अपनी राजनीतिक चुनौती पेश करने का प्रयास किया है।

