लखनऊ में BJP कोर कमेटी की बैठक, सेवा संकल्प अभियान से लेकर 2027 चुनाव तक रणनीति पर मंथन

BJP Core Group Meeting in Lucknow

लखनऊ : उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच भारतीय जनता पार्टी ने संगठन और चुनावी रणनीति को लेकर मंथन तेज कर दिया है। इसी क्रम में लखनऊ स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय में कोर ग्रुप की महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष, प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े और सह प्रभारी जगदीश पटेल के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक समेत कोर कमेटी के सदस्य मौजूद रहे।

बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रदेशभर में चलाए जाने वाले सेवा संकल्प अभियान को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इसके अलावा आगामी विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी की रणनीति, चुनावी मुद्दों और संगठन को मजबूत करने को लेकर भी विचार-विमर्श हुआ।

एक महीने तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान

बैठक के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रदेशभर में सेवा संकल्प अभियान आयोजित किया जाएगा। इस दौरान अलग-अलग तरह के कार्यक्रम किए जाएंगे। बैठक में इन कार्यक्रमों की रूपरेखा और पार्टी पदाधिकारियों की जिम्मेदारियों को लेकर जानकारी दी गई।

उन्होंने कहा कि अभियान के तहत प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में विभिन्न सेवा और जनसरोकार से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पार्टी संगठन के स्तर पर इन कार्यक्रमों को लेकर तैयारी की जा रही है। बैठक में यह तय किया गया कि अभियान के जरिए ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंच बनाई जाए।

2027 चुनाव को लेकर भी बनी रणनीति

बैठक का एक बड़ा एजेंडा 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियां रहा। पंकज चौधरी ने कहा कि चुनाव में अब ज्यादा समय नहीं बचा है, इसलिए किन मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाना है और किस तरह दोबारा उत्तर प्रदेश में भाजपा की प्रचंड बहुमत वाली सरकार बनानी है, इस पर मंथन किया गया।

पार्टी नेताओं ने सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने की रणनीति पर भी चर्चा की। भाजपा की कोशिश है कि डबल इंजन सरकार के कामकाज को चुनावी अभियान का प्रमुख आधार बनाया जाए।

बैठक में संगठन से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई। पंकज चौधरी ने बताया कि उन्हें प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाले अभी कुछ समय ही हुआ है और अब प्रदेश कार्यसमिति का गठन किया जाना है। इसको लेकर राष्ट्रीय महामंत्री संगठन, प्रदेश प्रभारी, मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्रियों और संगठन के अन्य पदाधिकारियों के साथ विचार-विमर्श हुआ। उन्होंने कहा कि बहुत जल्द प्रदेश कार्यसमिति का गठन किया जाएगा।

अखिलेश के दावे पर भाजपा का पलटवार

बैठक के बाद भाजपा नेताओं ने समाजवादी पार्टी और उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के बयानों पर भी प्रतिक्रिया दी। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने अखिलेश यादव के सत्ता में वापसी के दावे को लेकर कहा कि यह “मुंगेरीलाल के हसीन सपने” हैं।

उन्होंने दावा किया कि भाजपा एक बार फिर उत्तर प्रदेश में मजबूत बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। वहीं, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि कोर कमेटी की बैठक में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर चर्चा की गई है।

केशव प्रसाद मौर्य के मुताबिक, डबल इंजन सरकार के कार्यों और जनता के लिए लाई गई योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाना भाजपा की प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि पार्टी का लक्ष्य 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को फिर से प्रचंड बहुमत दिलाकर उत्तर प्रदेश में लगातार तीसरी बार सरकार बनाना है।

अखिलेश को सत्ता में आने का ख्वाब भूलने की सलाह

केशव प्रसाद मौर्य ने अखिलेश यादव के बयानों पर हमला बोलते हुए कहा कि वह सिर्फ बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भले ही अखिलेश यादव सरकार बनने के लिए समय को लेकर दावे कर रहे हों, लेकिन उन्हें सत्ता में आने का ख्वाब भूल जाना चाहिए।

डिप्टी सीएम ने दावा किया कि जनता एक बार फिर भाजपा के पक्ष में जनादेश देगी और प्रदेश में भाजपा की बहुमत वाली सरकार बनेगी।

कार्यकर्ताओं और संगठन को चुनाव के लिए तैयार करने पर जोर

कोर कमेटी की बैठक में सेवा अभियान के साथ-साथ संगठनात्मक तैयारियों को भी चुनावी दृष्टि से महत्वपूर्ण माना गया। पार्टी की कोशिश है कि बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय किया जाए और सरकार की योजनाओं का लाभ लेने वाले लोगों तक सीधा संपर्क बनाया जाए।

बैठक शुरू होने से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भाजपा मुख्यालय पहुंचे तो प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने उन्हें गुलदस्ता देकर स्वागत किया। बैठक समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री के रवाना होने के दौरान यह भी तय हुआ कि अगले दिन भाजपा कार्यालय में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे।

इस बैठक के जरिए भाजपा ने जहां सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों को अंतिम रूप देने की दिशा में कदम बढ़ाया, वहीं 2027 विधानसभा चुनाव के लिए संगठन, सरकार की उपलब्धियों और जनसंपर्क को केंद्र में रखकर अपनी रणनीति को आगे बढ़ाने के संकेत भी दिए।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts