डीएसओ को फोन पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी, देवबंद निवासी पर मुकदमा दर्ज

DSO receives phone abuse and death threats
सहारनपुर : सहारनपुर के जिला पूर्ति अधिकारी (डीएसओ) नीरज सिंह को फोन पर गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। इस मामले में सदर बाजार थाना पुलिस ने देवबंद निवासी सुरेंद्र सिंघल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को कॉल रिकॉर्डिंग और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य भी उपलब्ध कराए गए हैं। सुरेंद्र सिंघल की पुत्रवधु उर्मिला के नाम से राशन डिपो है। जिसको लेकर यह विवाद हुआ है। DSO को धमकी देने के बाद जिलापूर्ति कार्यलय कर्मचारियों में आक्रोश बना हुआ है।
जिलापूर्ति अधिकारी नीरज सिंह ने थाना सदर बाज़ार इलाके में तहरीर देकर बताया कि 25 जुलाई 2026 की रात लगभग 9:08 बजे उनके सरकारी सीयूजी नंबर पर एक फोन कॉल आई। कॉल करने वाले ने अपना परिचय देवबंद निवासी सुरेंद्र सिंघल के रूप में दिया और बताया कि उसके बेटे को पिछले आठ महीनों से राशन वितरण (कोटे) का कमीशन नहीं मिला है। इस संबंध में उसने अपनी शिकायत दर्ज कराई। इस पर डीएसओ ने कॉल करने वाले से कहा कि उस समय वह कार्यालय में नहीं हैं और रात काफी हो चुकी है। उन्होंने उसे सोमवार को कार्यालय समय में संबंधित दस्तावेजों के साथ आने या किसी प्रतिनिधि को भेजने की सलाह दी, ताकि कंप्यूटर रिकॉर्ड देखकर मामले का समाधान किया जा सके।
DSO का आरोप है कि यह बात सुनते ही कॉल करने वाला व्यक्ति सुरेंद्र सिंघल नाराज हो गया और फोन पर अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज करना शुरू कर दिया। इतना ही नहीं उसने जिला पूर्ति अधिकारी को जान से मारने की धमकी तक दे डाली। डीएसओ का कहना है कि वह एक लोकसेवक हैं और इस प्रकार की धमकी एवं अभद्र व्यवहार से उन्हें मानसिक परेशानी हुई है। उन्होंने इसे सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने का प्रयास भी बताया। मामले को गंभीरता से लेते हुए डीएसओ ने सदर बाजार थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने साक्ष्य के तौर पर कॉल रिकॉर्डिंग की पेन ड्राइव तथा कॉल डिटेल का स्क्रीनशॉट भी पुलिस को सौंपा है।
एसपी सिटी व्योम बिंदल बताया कि तहरीर के आधार पर सदर बाजार थाना पुलिस ने रविवार दोपहर करीब तीन बजे देवबंद निवासी सुरेंद्र सिंघल के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों, कॉल रिकॉर्डिंग और अन्य तथ्यों की जांच के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। मामला एक अधिकारी से जुड़ा है यही वजह है कि तहरीर की एक प्रति जिला अधिकारी (डीएम) को भी भेजी गई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts