सीतापुर : जिले के सदरपुर क्षेत्र के एक निजी स्कूल में बच्चों से “आई लव मोहम्मद” थीम पर पेंटिंग और स्लोगन लिखने को कहा गया। इसके लिए एक प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। बच्चों ने जब अपने अभिभावकों को इसकी जानकारी दी, तो हंगामा मच गया। शनिवार देर रात सैकड़ों बजरंग दल कार्यकर्ता सदरपुर थाने पहुँचे और कार्रवाई की माँग की। पुलिस ने मामले में प्रबंधक और एक शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया है। एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
सदरपुर के प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि यह स्कूल सदरपुर के बनवीरपुर में स्थित है। इसके प्रबंधक नईमुद्दीन उर्फ हिन्नू और समीउद्दीन उर्फ शौकत अंसारी हैं। 23, 24 और 27 सितंबर को प्रबंधन ने “आई लव मोहम्मद” स्लोगन प्रतियोगिता का आयोजन किया था। शिक्षकों ने चार्ट की जाँच की और टिप्पणियाँ लिखीं। कुछ बच्चों ने घर पहुँचकर अपने परिजनों को इसकी जानकारी दी।
यह जानकारी फैलते ही आक्रोश फैल गया और अभिभावकों ने पुलिस को सूचना दी। पिछले शनिवार शाम बजरंग दल के जिला अध्यक्ष आशुतोष वर्मा सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ अभिभावकों के साथ थाने पहुँचे और स्कूल संचालक नईमुद्दीन उर्फ हिनू और समीउद्दीन उर्फ शौकत अंसारी के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जाँच शुरू कर दी है।
बाद में अपर पुलिस अधीक्षक दुर्गेश सिंह भी थाने पहुँचे और पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने अपने अधीनस्थों को सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए। राजेश कुमार ने बताया कि नामजद आरोपियों में से एक नईमुद्दीन उर्फ हिनू और “आई लव मोहम्मद” आर्ट बनाने वाली शिक्षिका साहिबा पुत्री नसीर अली को रविवार दोपहर सदरपुर-बिसवां मार्ग पर जाफरपुर के पास से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। एक अन्य नामजद आरोपी की तलाश जारी है।

