गोरखपुर : विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को गोरखपुर के जटाशंकर स्थित विश्वकर्मा मंदिर पहुंचकर भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने भगवान विश्वकर्मा को सृष्टि का शिल्पी बताते हुए कहा कि एक ओर भगवान विश्वकर्मा की जयंती मनाई जा रही है, वहीं दूसरी ओर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन भी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा राष्ट्र के शिल्पी हैं तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आधुनिक भारत के शिल्पकार हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की परंपरा में भगवान विश्वकर्मा को सृष्टि के निर्माण और शिल्प-कौशल से जोड़कर पूजा जाता है। आज देश और प्रदेश में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े कारीगर भगवान विश्वकर्मा के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उनका पूजन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें भी भगवान विश्वकर्मा का आशीर्वाद लेने के लिए गोरखपुर के विश्वकर्मा मंदिर में पहुंचकर पूजा-अर्चना करने का अवसर मिला।
कारीगरों को टूलकिट, प्रशिक्षण और लोन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश सरकार की विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना का जिक्र करते हुए कहा कि इसके माध्यम से बड़ी संख्या में कारीगरों और हस्तशिल्पियों को रोजगार से जोड़ने का काम किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में अब तक तीन करोड़ से अधिक लोग अलग-अलग कारीगरी और हस्तशिल्प के माध्यम से रोजगार कर जीवनयापन कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि योजना के तहत राजमिस्त्री, बढ़ई, हलवाई, स्वर्ण कारीगर समेत विभिन्न पारंपरिक कार्यों से जुड़े लोगों को टूलकिट उपलब्ध कराई गई है। इसके साथ ही कारीगरों को प्रशिक्षण और ऋण की सुविधा भी दी जा रही है, ताकि वे अपने हुनर को रोजगार और स्वरोजगार में बदल सकें।
2017 के बाद कारीगरों को जोड़ने पर जोर
सीएम योगी ने कहा कि वर्ष 2017 में प्रदेश में सरकार बनने के बाद इस दिशा में काम शुरू किया गया कि पारंपरिक कारीगरों को प्रशिक्षण देकर रोजगार के बेहतर अवसरों से कैसे जोड़ा जाए। इसी क्रम में विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के जरिए कारीगरों को टूलकिट, प्रशिक्षण और ऋण उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई।
उन्होंने कहा कि आधुनिक भारत में भगवान विश्वकर्मा की परंपरा को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आधुनिक तकनीक से जोड़ने का काम कर रहे हैं। इससे कारीगरों और हस्तशिल्पियों के पारंपरिक हुनर को नए बाजार और आधुनिक अवसरों से जोड़ने की दिशा में काम हो रहा है।
मंदिर में भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक कार्यक्रम
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर विश्वकर्मा मंदिर परिसर को विशेष रूप से सजाया गया था। मंदिर परिसर में रंग-बिरंगी लाइट, फूलों और धार्मिक झांकियों से सजावट की गई। पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री ने एक पुस्तक का विमोचन भी किया।
कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस मौके पर भाजपा के प्रदेश महामंत्री और गोरखपुर क्षेत्र के प्रभारी अभिजात मिश्रा सहित महापौर और कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कारीगरों और हस्तशिल्पियों के योगदान को रेखांकित करते हुए कहा कि हुनर और श्रम के माध्यम से समाज और देश के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले लोगों का सम्मान आवश्यक है।

