हापुड़ : हापुड़ में एलपीजी सिलेंडर की कालाबाजारी के खिलाफ आपूर्ति विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस और आपूर्ति विभाग की संयुक्त टीम ने हापुड़ देहात थाना क्षेत्र की सर्वोदय कॉलोनी में छापेमारी कर अवैध रूप से रखे गए गैस सिलेंडरों का बड़ा जखीरा बरामद किया है।
जिला पूर्ति अधिकारी सीमा बालियान के निर्देश पर पूर्ति निरीक्षक कमलेश कुमार झा अपनी टीम और पुलिस बल के साथ आरोपी मनोज गर्ग के आवास पर पहुंचे। जांच के दौरान घर के अंदर से 11 कमर्शियल गैस सिलेंडर, 3 खाली घरेलू गैस सिलेंडर और 3 नीले एफटीएल सिलेंडर बरामद किए गए। आरोपी मौके पर इन सिलेंडरों से संबंधित कोई वैध दस्तावेज या लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके बाद सभी सिलेंडरों को जब्त कर लिया गया।
बताया जा रहा है कि गैस की कालाबाजारी को लेकर हापुड़ आपूर्ति विभाग की यह तीसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले कालाबाजारी में संलिप्त एक गैस एजेंसी मालिक पर मुकदमा दर्ज कर लाइसेंस निरस्त किया गया था, वहीं ग्राम असौड़ा में भी एक व्यक्ति के घर से 21 सिलेंडर बरामद होने पर कार्रवाई की गई थी। जिला पूर्ति अधिकारी सीमा बालियान ने बताया कि सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की।
जांच के दौरान 11 कॉमर्शियल, 3 घरेलू और 3 खाली सिलेंडर बरामद हुए। साथ ही गैस रिफिलिंग में इस्तेमाल होने वाले उपकरण भी मिले हैं। सभी सिलेंडरों को कब्जे में लेकर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ आवश्यक धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया है। अधिकारियों का कहना है कि एलपीजी सिलेंडर की कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...


