झांसी : उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के अयोध्या संबंधी बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि अयोध्या भगवान श्रीराम की जन्मस्थली है और करोड़ों रामभक्तों की आस्था का केंद्र है। ऐसे पवित्र विषय पर राजनीति और विवादित बयानबाजी से बचना चाहिए। शुक्रवार को दो दिवसीय दौरे पर झांसी पहुंचे डिप्टी सीएम शताब्दी एक्सप्रेस से वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी रेलवे स्टेशन पहुंचे, जहां भाजपा पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद सर्किट हाउस में उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।
“अयोध्या पर गर्व करना चाहिए”
मीडिया से बातचीत में केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि अयोध्या केवल उत्तर प्रदेश ही नहीं बल्कि पूरे देश और दुनिया के करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को अयोध्या को लेकर “कुरुक्षेत्र” जैसी टिप्पणी करने से बचना चाहिए और इस पवित्र स्थल पर गर्व करना चाहिए।
“राम सबके हैं”
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान श्रीराम सभी के हैं। उन्होंने कहा कि सभी समुदायों के लोग भगवान राम का सम्मान करते हैं और समाज को जोड़ने वाले ऐसे विषयों पर विभाजनकारी बयान नहीं दिए जाने चाहिए।
शिवपाल यादव पर भी साधा निशाना
शिवपाल यादव के हालिया बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए केशव मौर्य ने कहा कि वह बड़े नेता हैं, उन्हें पहले अपने भतीजे को संभालना चाहिए और भाजपा की चिंता छोड़ देनी चाहिए।
सपा सांसदों के भाजपा में आने के सवाल पर जवाब
समाजवादी पार्टी के कुछ सांसदों के भाजपा में शामिल होने की अटकलों पर उन्होंने कहा कि फिलहाल ऐसी कोई स्थिति नहीं है। जब ऐसा होगा, तब उस पर बात की जाएगी।
चंपत राय को लेकर भी दिया बयान
अयोध्या में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय की मौजूदगी को लेकर उठे सवालों पर डिप्टी सीएम ने कहा कि यह मुख्यमंत्री का विषय है। उन्होंने चंपत राय को समर्पित रामभक्त बताते हुए कहा कि उन्होंने राम मंदिर आंदोलन और निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
राम मंदिर चंदा मामले पर क्या बोले?
राम मंदिर चंदा मामले से जुड़े आरोपों पर केशव मौर्य ने कहा कि आरोप लगना और आरोप साबित होना अलग-अलग बातें हैं। उन्होंने कहा कि यदि जांच में कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने कहा कि SIT की रिपोर्ट आने के बाद उचित निर्णय लिया जाएगा।

