सहारनपुर : एक ओर जहां जिला प्रशासन हरिद्वार से कांवड़ लेकर आने वाले शिव भगत कांवड़ियों के लिए बेहतर सुविधाएं देने के दावे कर रहा है वहीं गांव हाशिमपुरा में मंगलोर रोड़ यानि कांवड़ मार्ग से आई ये तस्वीरें प्रशासन के दावों की पोल खोल रही हैं। जहां हल्की सी बारिश के बाद शिव भगत कांवड़िए नालों के गंदे पानी से निकलने को मजबूर हैं। नालों की सफाई नहीं होने पर नाले ब्लॉक हो गए जिससे ओवर फ्लो होने के बाद नालों का गन्दा पानी सड़क पर आ गया। जिससे मंगलोर कांवड़ मार्ग घुटनों तक लबालब भरा हुआ है।
आपको बता दें कि कांवड़ यात्रा को लेकर सीएम योगी ने जिला प्रशासन को बेहतर सुविधाएं देने के निर्देश दिए थे। कांवड़ मार्ग से लगे नालों की सफाई करने से लेकर सड़कों पर साफ़ सफाई के लिए कहा गया था। इसके लिए बाकायदा विशेष बजट भी जारी किया गया लेकिन कस्बा देवबंद से जुड़े में गांव हाशिमपुरा में नालों की सफाई नहीं करायी गई। शायद यही वजह है कि कांवड़ मार्ग मंगलौर रोड पूरी तरह से तालाब में तब्दील हो गया है।
कांवड़ मार्ग में पानी भरने से कावड़िये गंदे पानी से गुजरने को मजबूर हैं। करीब एक किलोमीटर सड़क पर घुटनों तक पानी भरा हुआ है। ग्रामीणों के मुताबिक पिछले कई सालों से नालों की सफाई नहीं हुई जिसके चलते नाले कबाड़ से ब्लॉक हो गए। जिससे नालों का गन्दा पानी सड़क पर आ गया। पिछले कई दिनों से शिव भगत कांवड़ियां भी इसी गंदे पानी से निकल रहे हैं। वहीं जिला पंचायत राज अधिकारी प्रदीप द्विवेदी का कहना है कि मामला संज्ञान में आया है। ग्राम प्रधान और सचिव को नाले की सफाई करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा पानी निकासी के लिए पंप सेट भी लगाने को कहा गया है

