नशा माफिया ने किया पुलिस पर हमला, सब इंस्पेक्टर बुरी तरह घायल अभी हालत स्थिर

करनाल : तरावड़ी की दुर्गा कॉलोनी बुधवार देर रात उस समय दहशत के साये में आ गई, जब नशा माफिया पर छापेमारी करने आई एंटी नारकोटिक्स टीम पर अचानक हमला हो गया। टीम के इलाके में दाखिल होते ही वहां मौजूद भीड़ ने लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से उन पर हमला कर दिया। इस हमले में सब इंस्पेक्टर रोहताश मलिक बुरी तरह घायल हो गए। घटनास्थल की तस्वीरें खून से लथपथ जमीन और अफरा-तफरी का माहौल बयां कर रही हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमले की पहले से योजना बनाई गई थी और इसका निशाना पुलिस टीम थी।

हालात बिगड़ते देख डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और हालात पर काबू पाने के लिए तीन राउंड हवाई फायरिंग करनी पड़ी। भीड़ में भगदड़ मच गई और पुलिस ने घायल सब इंस्पेक्टर रोहताश मलिक को मौके से निकालकर सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया। उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। इस दौरान आसपास के लोगों में दहशत फैल गई और कॉलोनी में सन्नाटा छा गया। पुलिस के मुताबिक, अगर फायरिंग नहीं की जाती तो हालात और भी गंभीर हो सकते थे।

थाना प्रभारी राजपाल सिंह ने पुष्टि की है कि “हमले से जुड़े कई आरोपियों को हिरासत में लिया गया है और बाकी की तलाश में लगातार तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने साफ कहा कि पुलिस पर हमला किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही नशा माफिया के खिलाफ कार्रवाई तेज की जाएगी। इस मामले को लेकर स्थानीय प्रशासन भी सतर्क हो गया है और इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।”

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts