झज्जर : बहादुरगढ़ जिले के मांडोठी गाँव में एक सिपाही ने अपने घर से कुछ दूरी पर स्थित एक प्लॉट पर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुँची और शव को पोस्टमार्टम के लिए बहादुरगढ़ सिविल अस्पताल भेज दिया। मृतक की पहचान 34 वर्षीय विजय उर्फ भोलू के रूप में हुई है। वह 77 आर्म्ड फोर्स में कार्यरत था। वर्तमान में उसकी तैनाती पंजाब के नाभा में थी।
बताया जा रहा है कि विजय करीब 6 महीने पहले 2 महीने की छुट्टी पर घर आया था। उसके बाद से वह वापस ड्यूटी पर नहीं गया। उसकी सेवानिवृत्ति में अभी एक साल बाकी था। प्रारंभिक जाँच में पता चला है कि विजय शराब पीने का आदी था और उसका अपनी पत्नी से भी विवाद चल रहा था। घरेलू कलह के कारण उसकी पत्नी मायके चली गई थी। विजय की एक चार साल की बेटी और एक साल का बेटा भी है।
एसीपी दिनेश कुमार ने बताया कि फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जाँच में जुटी है। परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि विजय ने आत्महत्या जैसा कदम क्यों उठाया, यह सवाल पुलिस के लिए अभी भी रहस्य बना हुआ है।

