चंदौली : मुगलसराय थाना क्षेत्र के धरना गांव में सोमवार की देर रात कुछ बाइक सवार बदमाशों ने जिम संचालक अरविंद यादव उर्फ बिंदु की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे और अलीनगर व मुगलसराय पुलिस के साथ क्राइम ब्रांच मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मौके से 315 बोर के खोखों के अलावा प्रतिबंधित बोर के खोखे और कारतूस बरामद किए हैं। घटना के पीछे जमीन विवाद बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, मुगलसराय थाना क्षेत्र के धरना गांव निवासी अरविंद यादव उर्फ बिंदु (45) गांव में जिम चलाते थे। वह प्लॉटिंग का काम भी करते थे। इसके अलावा पीडीयू नगर के परमार कटरा में उनकी कपड़े की दुकान है। सोमवार की रात 11.30 बजे अरविंद गांव में स्थित जिम में कुछ काम करा रहे थे। इसी बीच चार बाइक पर सवार आठ बदमाश आए और अरविंद को नीचे बुलाया। अरविंद को इस बात का अंदाजा नहीं था कि लोग उनकी हत्या करने आए हैं। अरविंद के नीचे आते ही बदमाशों ने उसे पकड़ने की कोशिश की।
इस बीच बदमाशों और अरविंद के बीच हाथापाई हुई, फिर बदमाशों ने उस पर चार-पांच गोलियां दाग दीं। गोलियां अरविंद के सिर के अलावा उसकी गर्दन और पीठ में भी लगीं। अरविंद लहूलुहान होकर मौके पर गिर पड़ा। इसके बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। जाते समय बदमाशों ने उसकी थार कार पर भी पथराव और फायरिंग की।
घटना के बाद ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। परिजन उसे ट्रॉमा सेंटर ले गए। जहां उसकी मौत हो गई। सूचना के बाद पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे, अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर, सीओ कृष्णमुरारी शर्मा अलीनगर और मुगलसराय कोतवाली व क्राइम ब्रांच की पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी।
इस संबंध में एसपी चंदौली आदित्य लांग्हे ने बताया कि मुगलसराय इलाके में अरविंद यादव नाम के युवक की अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी है। वह जिम संचालक था और प्लॉटिंग का काम करता था। हत्या के पीछे जमीन का विवाद बताया जा रहा है। क्राइम ब्रांच समेत अन्य टीमें सक्रिय कर दी गई हैं। जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है

