सहारनपुर : सहारनपुर विकास प्राधिकरण में एंटी करप्शन टीम ने सहारनपुर विकास प्राधिकरण के JE रविंद्र श्रीवास्तव और मेट वैभव को रंगे हाथों 50 हज़ार रूपयों की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। एंटी करप्शन की टीम ने मौके से रिश्वत में लिए गए 50 हजार रूपये भी बरामद कर लिए हैं। एंटी करप्शन की टीम ने पकडे गए सहायक अभियंता (JE) और मेट को गिरफ्तार कर थाना सदर बाजार लेकर आई है। जहां उनके खिलाफ संबधित धाराओं में दर्ज कर आगे की कार्यवाई शुरू कर दी है। वहीं एंटी करप्शन की कार्यवाई के बाद सहारनपुर विकास प्राधिकरण में हड़कंप मचा हुआ है।

आपको बता दें कि पिछले दिनों सीएम योगी ने विकास प्राधिकरण के नियमों में बदलाव किया था। जिसमें आवासीय निर्माण के लिए 100 वर्ग गज को नक्शा पास श्रेणी से बाहर किया था। बावजूद इसके प्राधिकरण विभाग शहरवासियों को नक्शा पास कराने के नाम पर ठगते आ रहा है। यानि नक्शा पास कराने के नाम पर अवैध वसूली कर रहा है। ताज़ा मामला स्मार्ट सिटी सहारनपुर का है जहां 100 वर्ग गज में आवासीय निर्माण के लिए प्राधिकरण के सहायक अभियंता और मेट स्थानीय लोगों को अवैध वसूली का शिकार बना रहे हैं। यह हम नहीं बल्कि शहर के स्थानीय लोग कह रहे हैं। शहर वासियों के मुताबिक़ शहर में एक ईंट भी लगाना मुश्किल हो गया है। हालांकि यही प्राधिकरण अधिकारी अवैध और बड़े कॉमर्शियल निर्माणों को आवासीय नक़्शे पास करके बनवा रहे हैं। लेकिन 30-40 और 100 गज के मकान बनाने के लिए नक्शा पास कराने की धमकी देकर अवैध वसूली कर रहे हैं।
वर्धमान कालोनी निवासी युवक मयंक पांडे ने बताया कि वह 100 वर्ग गज में दो कमरों का मकान बना रहा है। जो कि नक्शा पास श्रेणी से बाहर है बावजूद इसके सहायक अभियंता रविंद्र श्रीवास्तव और मेट वैभव उस पर नक्शा पास कराने का दबाव बनाते आ रहे थे। इतना ही नहीं नक्शा पास नहीं कराने पर एक लाख रूपये की रिश्वत मांग रहे थे। पीड़ित मयंक के मुताबिक़ जब उसने शासनदेश दिखाये तो उन्होंने उसके निर्माण को सीज करने की धमकी देनी शुरू कर दी। जेई ने मेट के माध्यम से एक लाख रूपये मांगे थे। जिसमे से पीड़ित ने 50 हजार रूपये शनिवार को देने की बात कही जबकि बाकी 50 हजार बाद में देने का वादा कर लिया। जेई रविंद्र श्रीवास्तव और मेट वैभव उस पर पैसे जल्दी देने का दबाव बनाने लगे। जिससे तंग आकर मयंक पांडे ने एंटी करप्शन का सहारा लेना पड़ा।
एंटी करप्शन अधिकारीयों ने बताया कि एंटी करप्शन की टीम ने रिश्वतखोर जेई और मेट को रंगेहाथ पकड़ने के लिए जाल बिछा दिया। शनिवार की सुबह करीब 11 बजे जैसे ही पीड़ित युवक ने सहारनपुर विकास प्राधिकरण पहुँच कर जेई और मेट को 50 हजार रूपये दिए तो एंटी करप्शन की टीम ने छापा मारकर रिश्वत के नोटों के साथ दोनों को रंगेहाथ पकड़ लिया। एंटी करप्शन की कार्यवाई से प्राधिकरण दफतर में हड़कंप मच गया। वहां मौजूद अन्य अभियंता और मेट इधर उधर खिसक लिये। पकडे गए जेई रविंद्र श्रीवास्तव और मेट वैभव सिंह को थाना सदर बाजार ले जाय गया। जहां दोनों के खिलाफ सबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर क़ानूनी कार्यवाई की जा रही है।

