सहारनपुर : हथिनीकुंड बैराज स्थित यमुना नदी में पैरामिलिट्री फोर्स की ट्रेनिंग के दौरान बुधवार को बड़ा हादसा हो गया। हेलीकॉप्टर से यमुना नदी में छलांग लगाने और रेस्क्यू ट्रेनिंग के दौरान जवानों को नदी से बाहर निकालने के लिए लगाई गई नाव अचानक पानी में बंद हो गई। नाव के बंद होने के बाद वह असंतुलित होकर पलट गई। हादसे में दो जवान किसी तरह नाव को पकड़कर सुरक्षित बाहर निकलने में कामयाब रहे जबकि दो जवान गहरे पानी में डूब गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में यमुना नदी में डूबे दोनों जवानों की तलाश के लिए बड़े स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। नदी के गहरे पानी में जवानों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें लगातार सर्च अभियान चला रही हैं।
जानकारी के मुताबिक पैरामिलिट्री फोर्स के जवानों की यमुना नदी में रेस्क्यू ट्रेनिंग चल रही थी। इसी दौरान हेलीकॉप्टर से जवानों ने नदी में छलांग लगाई। जवानों को रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकालने के लिए नाव को नदी में लगाया गया था। इसी दौरान अचानक नाव पानी में बंद हो गई और संतुलन बिगड़ने के कारण पलट गई। नाव पर सवार चार जवानों में से दो जवान नाव को पकड़कर किसी तरह बाहर निकल आए, लेकिन दो जवान गहरे पानी में चले गए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए मेरठ से एनडीआरएफ की टीम को मौके पर बुलाया गया है। इसके साथ ही हरियाणा से गोताखोरों की टीम और आर्मी के जवान भी रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटे हैं। यमुना के गहरे और तेज बहाव वाले पानी में लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है।

