सहारनपुर : उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में एक एनजीओ के खिलाफ फ़िलिस्तीन में मुसलमानों की मदद के लिए विदेशी फंडिंग लेने की शिकायत दर्ज की गई है। एसएसपी आशीष तिवारी ने गुप्त शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एनजीओ की जाँच के आदेश दिए हैं। जानकारी के अनुसार, एनजीओ का एक सदस्य ज़िले से मेडिकल की पढ़ाई कर रहा है। उस पर विदेशी फंडिंग मिलने का शक है। उस पर एनजीओ की आड़ में भारत में दंगे कराने की साजिश रचने का भी आरोप है। एसएसपी के निर्देश पर सीओ नकुड़ मामले की जाँच कर रहे हैं।
एसएसपी आशीष तिवारी ने बताया कि देवबंद निवासी एक व्यक्ति ने एसएसपी को एक गोपनीय शिकायती पत्र भेजा है। शिकायत में बताया गया है कि हापुड़ ज़िले के थाना धौलाना क्षेत्र में रहने वाले कुछ युवक एक एनजीओ चला रहे हैं। एनजीओ की आड़ में भारत में दंगे फैलाने के उद्देश्य से विदेशों से एनजीओ सदस्यों के खातों में मोटी रकम भेजी जा रही है।
शिकायतकर्ता ने यह भी बताया कि एनजीओ का एक सदस्य ज़िले के एक मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहा है। फ़िलिस्तीन के समर्थन में पैसे देकर मुसलमानों की भीड़ इकट्ठा करने का भी आरोप है। शिकायत में यह भी बताया गया है कि एनजीओ के पदाधिकारियों को बंगाल के रास्ते हवाला के ज़रिए विदेशों से भारी मात्रा में पैसा मिल रहा है। जिसका इस्तेमाल मुसलमानों को इकट्ठा करने में किया जा रहा है। यानी पैसे देकर फ़िलिस्तीन के पक्ष में बयान दिलवाए जा रहे हैं और विरोध प्रदर्शन करवाए जा रहे हैं।
एसएसपी ने बताया कि शिकायत के साथ एनजीओ सदस्यों द्वारा फ़िलिस्तीन के समर्थन में सोशल मीडिया पर पोस्ट किया गया एक वीडियो भी दिया गया है। इसमें खातों के लेन-देन का ब्यौरा दिया गया है। बताया गया है कि कई सदस्य थाना सरसावा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में सक्रिय रहकर देश विरोधी काम कर रहे हैं। एसएसपी आशीष तिवारी ने सीओ नकुड़ एसएन वैभव पांडे को जांच अधिकारी नामित किया है। पुलिस पता लगा रही है कि युवक कहां का रहने वाला है और कब से एनजीओ में काम कर रहा है।

