सहारनपुर : देवबंद के मोहल्ला मुल्तानियान में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान साहिल के रूप में हुई है। परिजनों ने नगर के ही एक युवक पर गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया है कि वह साहिल को घर से बुलाकर ले गया था, जहां उसके साथ मारपीट की गई और जहर देकर घर के पास छोड़ दिया गया।पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। मामले में परिजनों ने नामजद मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है, जबकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
परिजनों ने बताया कि उनके भाई साहिल को एक युवक किसी बहाने से अपने साथ ले गया था। कुछ देर बाद वह घर के पास गंभीर हालत में मिला। उनका आरोप है कि उसके साथ मारपीट की गई थी और उसे जहरीला पदार्थ पिलाया गया। जब साहिल घर पहुंचा तो उसकी हालत बेहद नाजुक थी। उसके मुंह से झाग निकल रहे थे और वह ठीक से बोल भी नहीं पा रहा था।
घबराए परिजन तुरंत उसे स्थानीय चिकित्सक के पास लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उसे इलाज के लिए मुजफ्फरनगर ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही साहिल ने दम तोड़ दिया। युवक की मौत की सूचना मिलते ही देवबंद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मंगलवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। शव घर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया और मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक के परिजनों ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। उनका कहना है कि साहिल की मौत सामान्य नहीं बल्कि सुनियोजित साजिश का परिणाम है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
वहीं देवबंद सीओ अमित नागर का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटना से जुड़े हर पहलू की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

