सहारनपुर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के निरंतर सेवा काल की जनकल्याणकारी उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने और लोगों को विकसित भारत-2047 के सामूहिक राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ने के उद्देश्य से सहारनपुर में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान के तहत जिले से लेकर ग्राम स्तर तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने पर विशेष जोर रहेगा।
सर्किट हाउस सभागार में मंगलवार को अभियान की तैयारियों और कार्ययोजना को लेकर बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री सुनील कुमार शर्मा ने की। बैठक में विधायक नकुड़ मुकेश चौधरी, महापौर डॉ. अजय कुमार सिंह, जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन और नगर आयुक्त शिपू गिरी समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचे योजनाओं का लाभ
प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान का मुख्य उद्देश्य केवल कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना होना चाहिए। उन्होंने सभी विभागों को गंभीरता से काम करने और किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सभी विभाग अपनी पूरी कार्ययोजना तैयार कर उसे जनप्रतिनिधियों को भी उपलब्ध कराएं। कार्यक्रमों की जानकारी स्थानीय जनप्रतिनिधियों को समय से देते हुए उन्हें आमंत्रित किया जाए। अभियान को जिला मुख्यालय तक सीमित रखने के बजाय तहसील, विकासखंड और ग्राम स्तर तक ले जाने के निर्देश भी दिए गए।
17 सितंबर को 11 स्थानों पर जलेगा ‘सेवा का दीया’
अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को विशेष कार्यक्रमों के साथ होगी। प्रभारी मंत्री ने बताया कि शाम सात बजे जिले की सभी विधानसभाओं के चिन्हित 11 प्रमुख स्थलों पर ‘सेवा का दीया’ जलाया जाएगा। इसके साथ ही सरकार की योजनाओं से लाभान्वित लोगों के घरों पर भी सेवा का दीया जलाया जाएगा। सरकारी कार्यालयों, विकासखंड कार्यालयों और अन्य कार्यालयों में भी ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाने की योजना है। इसके जरिए अभियान को जनभागीदारी से जोड़ने की कोशिश की जाएगी।
बाइक, पैदल और साइकिल रैली से दिखेगी अभियान की झलक
अभियान के तहत ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ भी आयोजित की जाएगी। इसके लिए विधानसभा क्षेत्रों से आने वाले छह प्रमुख मार्गों से पुलिस जवानों की बाइक रैली घंटाघर तक पहुंचेगी। इसी तरह अंबेडकर स्टेडियम से घंटाघर तक खिलाड़ियों का पैदल मार्च आयोजित किया जाएगा। कलेक्ट्रेट से घंटाघर तक एनसीसी, एनएसएस और पीआरडी जवानों की साइकिल रैली भी निकाली जाएगी। अधिकारियों को इन कार्यक्रमों को व्यापक जनभागीदारी के साथ भव्य रूप देने के निर्देश दिए गए हैं।
‘सेवा सेतु’ में मौके पर होगा आवेदन और सत्यापन
अभियान का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा ‘सेवा सेतु’ होगा। इसके तहत प्रत्येक विकासखंड स्तर पर साप्ताहिक बहुउद्देशीय सेवा शिविर, स्टॉल और स्वास्थ्य मेला लगाए जाएंगे। इन शिविरों में केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी। पात्र लोगों के लिए मौके पर आवेदन भरने और सत्यापन की प्रक्रिया भी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि उन्हें योजनाओं का लाभ लेने के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
छात्रों और स्वयं सहायता समूहों की भी होगी भागीदारी
प्रभारी मंत्री ने ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ के तहत विद्यार्थियों के लिए व्यापक ओरिएंटेशन और मोटिवेशन कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। इसमें अधिक से अधिक छात्रों को जोड़ने पर जोर दिया गया।
इसके अलावा ‘सेवा के रंग राष्ट्र के संग’ कार्यक्रम में कलाकारों, महिलाओं, स्वयं सहायता समूहों और विद्यार्थियों की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा गया। इन कार्यक्रमों के जरिए विकसित भारत-2047 के संकल्प को सामाजिक और जनभागीदारी के स्तर पर आगे बढ़ाने की योजना है।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन, जिलाध्यक्ष अजीत राणा, महानगर अध्यक्ष शीतल विश्नोई, पीडीडीआरडीए प्रणय कृष्ण समेत विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों को अभियान की विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर निर्धारित अवधि में सभी कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से आयोजित कराने के निर्देश दिए गए।

