सहारनपुर में सपा सांसद इकरा हसन धरने पर बैठीं, बोली- “मुझे गोली मार दो, फांसी पर चढ़ा दो, इससे ज्यादा क्या कर लोगे?”

Kairana MP Iqra Hasan, Samajwadi Party MP Iqra Hasan, Saharanpur Monu Kashyap Murder Case, Iqra Hasan's Uproar in Saharanpur, Iqra Hasan's Uproar in Saharanpur,

सहारनपुर : सहारनपुर में मंगलवार को समाजवादी पार्टी की सांसद इकरा हसन सदर बाजार थाने में धरने पर बैठ गईं। इस दौरान उनकी पुलिस अधिकारियों से तीखी बहस भी हुई। सांसद ने नाराजगी जताते हुए कहा, “मुझे गोली मार दो, फांसी पर चढ़ा दो, इससे ज्यादा क्या कर लोगे?” सांसद इकरा हसन मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे मृतक मोनू कश्यप की मां को लेकर डीआईजी अभिषेक सिंह से मिलने पहुंचीं। पीड़ित परिवार का आरोप है कि हत्या के मामले में अभी भी चार आरोपी खुले घूम रहे हैं, जबकि पुलिस ने केवल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।

मोनू कश्यप की मां ने पुलिस पर कार्रवाई में ढिलाई बरतने का आरोप लगाया। इसी मांग को लेकर सांसद इकरा हसन डीआईजी कार्यालय पहुंचीं। आरोप है कि वहां पीड़िता की बातों को गंभीरता से नहीं सुना गया, जिससे सांसद नाराज हो गईं। बातचीत के बाद इकरा हसन डीआईजी कार्यालय के बाहर आ गईं। इसी दौरान महिला इंस्पेक्टर पुलिस बल के साथ वहां पहुंचीं और उन्हें महिला थाने ले जाया गया। सांसद का आरोप है कि उन्हें करीब 10 मिनट तक महिला थाने में हिरासत में रखा गया।

इकरा हसन ने कहा कि अगर कोई व्यक्ति अपनी पीड़ा लेकर अधिकारियों के पास आता है तो उसकी बात नहीं सुनी जाती। उन्होंने कहा, “अब यही तरीका बचा है कि या तो हमें भी जेल भेज दो या हमारे कार्यकर्ताओं को रिहा करो। हम जेल जाने को तैयार हैं।” वहीं पुलिस ने शांति भंग करने के आरोप में पूर्व राज्यमंत्री और सपा नेता मांगेराम कश्यप समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई के बाद सपा कार्यकर्ताओं में नाराजगी और बढ़ गई। सांसद का आरोप है कि पुलिस ने सड़क जाम और ट्रैफिक बाधित करने का बहाना बनाकर उन्हें हिरासत में लिया जबकि वहां किसी तरह का जाम नहीं था। उन्होंने दावा किया कि घटना का वीडियो भी उनके पास मौजूद है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि यातायात बाधित नहीं हुआ था।

सदर बाजार थाने में धरने पर बैठीं इकरा हसन ने प्रशासन पर दबाव बनाने की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार न्याय की मांग कर रहा है, लेकिन उनकी आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है। सांसद ने प्रशासन से मांग की कि हत्याकांड में शामिल बाकी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जाए। घटना के बाद सदर बाजार थाना परिसर में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। वहीं सपा कार्यकर्ताओं की भीड़ भी थाने के बाहर जुटी रही, जिससे क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना रहा।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts