सहारनपुर : थाना देवबंद इलाके में एक बार फिर चलती ट्रेन पर पत्थरबाजी हुई है। अज्ञात लोगों ने वंदे भारत एक्सप्रेस पर पथराव कर माहौल बिगाड़ने की नाकाम कोशिश की है। अचानक हुई पत्थरबाजी से कोच में बैठे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। लोको पायलट की शिकायत के आधार पर RPF (रेलवे सुरक्षा बल) ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू में जुट गई है।

आपको बता दें कि वंदे भारत एक्सप्रेस 224458 पर उस वक्त पथराव हो गया जब ट्रेन सहारनपुर से दिल्ली जा रही थी और थाना देवबंद इलाके के भायला फाटक के पास पहुंची। अज्ञात लोगों ने ट्रेन पर पथराव कर दिया। जिससे कोच नंबर C1 की एक खिड़की क्षतिग्रस्त हो गई और यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सुचना मिली तो रेलवे पुलिस में भी हड़कंप मच गया। आनन-फानन में खुफिया विभाग और रेलवे पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। लेकीन तब तक पथराव करने वाले शरारती तत्व मौके से भागने में कामयाब हो गए।
देवबंद में ट्रेन पर पथराव का यह पहला मामला नहीं है पहले भी इसी जगह पर अज्ञात लोगों ने कई बार ट्रेनों पर पथराव कर चुके हैं। खुफिया एजेंसियां भी पूरे मामले की जांच कर रही हैं। वंदे भारत एक्सप्रेस पर पथराव के बाद गृह मंत्रालय और रेलवे विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी जानकारी मांगी है। हालांकि, जिस तरह से देवबंद में वंदे भारत एक्सप्रेस पर पथराव हुआ वह यात्रियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

