हरियाणा सरकार प्रदेश को टीबी मुक्त बनाने के लक्ष्य की दिशा में तेजी से कार्य कर रही है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाए जा रहे व्यापक जन-जागरूकता अभियानों, आधुनिक तकनीक और सामुदायिक भागीदारी के चलते टीबी उन्मूलन अभियान को नई गति मिली है। यह जानकारी हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री Arti Singh Rao ने दी।
उन्होंने बताया कि World Tuberculosis Day से शुरू किए गए 100 दिवसीय टीबी उन्मूलन अभियान (फेज-2) के अंतर्गत अब तक प्रदेशभर में 1620 शिविर आयोजित किए जा चुके हैं। इन शिविरों के माध्यम से लगभग 1.81 लाख लोगों की स्क्रीनिंग की गई, जिसमें 10,978 नए टीबी मरीजों की पहचान हुई है।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि यह उपलब्धि आधुनिक AI आधारित तकनीकों और Active Case Finding रणनीति के प्रभावी उपयोग से संभव हो सकी है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा गांव-गांव और शहरों में विशेष शिविर लगाकर संभावित मरीजों की जांच की जा रही है, ताकि बीमारी का समय रहते पता लगाकर उपचार शुरू किया जा सके।
उन्होंने कहा कि टीबी जैसी गंभीर बीमारी को समाप्त करने के लिए केवल सरकारी प्रयास ही नहीं, बल्कि समाज की भागीदारी भी बेहद जरूरी है। जागरूकता अभियान के माध्यम से लोगों को टीबी के लक्षण, बचाव और इलाज के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
आरती सिंह राव ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में हरियाणा सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने और लोगों तक बेहतर चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि जनसहयोग और आधुनिक तकनीक के बल पर हरियाणा जल्द ही ‘टीबी मुक्त राज्य’ बनने की दिशा में बड़ी सफलता हासिल करेगा।

