सोनभद्र/हमीरपुर : रामपुर बरकोनिया के करौंदिया गांव में बुधवार की शाम दो बहनों की बांध में डूबने से मौत हो गई। दोनों बहनें अपने नाना के घर गई हुई थीं। घटना की जानकारी मिलने के बाद गांव में हड़कंप मच गया। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, रामपुर बरकोनिया के सोढ़ा गांव निवासी विजेंद्र धांगर की दो बेटियां अंशिका (7) और प्रियंका (6) अपनी नानी के घर आई हुई थीं। बुधवार को दोनों घर से करीब 150 मीटर दूर चीलमनवा बांध में नहाने गई थीं। नहाते समय दोनों गहरे पानी में चली गईं, जिससे डूबकर उनकी मौत हो गई।
काफी देर तक दोनों वापस नहीं लौटीं तो परिजनों ने तलाश शुरू की। स्थानीय लोगों की सूचना पर परिजनों ने बांध पर खोजबीन शुरू की। काफी प्रयास के बाद दोनों बच्चियों के शव बांध से बरामद हुए। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी तो पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दोनों बहनों की मौत की खबर के बाद सोढ़ा गांव में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस संबंध में सीओ ग्रामीण रणधीर मिश्रा ने बताया कि प्रियंका और अंशिका दोनों के शव बरामद कर लिए गए हैं। दोनों सगी बहनें हैं। दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। कानून व्यवस्था की कोई समस्या नहीं है।

