देहरादून : नेहरू कॉलोनी पुलिस ने भारी मुनाफे का लालच देकर हजारों लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी ने भोले-भाले लोगों को भारी मुनाफे का लालच देकर अपनी माइक्रो फाइनेंस इंडिया एसोसिएशन कंपनी में करोड़ों रुपये निवेश करवाए थे। आरोपी को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
नेहरू कॉलोनी क्षेत्र में कुछ लोगों ने एक निजी फाइनेंस कंपनी खोली और निवेशकों को ऊंची ब्याज दरों और भारी मुनाफे का लालच देकर करोड़ों रुपये की ठगी कर फरार हो गए। 2 अक्टूबर को एसएसपी के निर्देश पर पुलिस ने इस मामले में वादी की भूमिका निभाई। नेहरू कॉलोनी थाना अंतर्गत बाईपास चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक प्रवीण पुंडीर ने नेहरू कॉलोनी थाने में संस्थापक जगमोहन सिंह चौहान समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया।
जांच के दौरान पता चला कि कंपनी के संस्थापक सदस्य जगमोहन सिंह चौहान और कंपनी की निदेशक नीलम चौहान नेहरू कॉलोनी थाने के सरस्वती विहार निवासी हैं। जगमोहन सिंह चौहान अपने कार्यालय से कंपनी के सभी वित्तीय लेन-देन संचालित करता है। वह लोगों को उच्च ब्याज दरों का वादा करके, धोखाधड़ी और जालसाज़ी करने के इरादे से, खाते खुलवाने और कंपनी में निवेश करने के लिए प्रेरित करता है। लोग उसकी आकर्षक योजनाओं के लालच में आकर उसकी वित्तीय कंपनी में आरडी/एफडी और डीडीएस खाते खुलवा लेते हैं।
इसके बाद, पुलिस ने कंपनी से संबंधित सभी बैंक खातों को सीज कर दिया और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एक पुलिस टीम गठित की। पुलिस टीम ने आरोपी जगमोहन सिंह चौहान को थाना रोड, नेहरू कॉलोनी के पास से गिरफ्तार कर लिया।
एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि कई लोग मुनाफे के लालच में आकर छोटी-छोटी कंपनियों में निवेश करते हैं। कंपनियों के संचालक भोले-भाले लोगों को निवेश के लिए झांसा देकर उनकी गाढ़ी कमाई हड़प लेते हैं। सभी निवेशकों से आग्रह है कि निवेश करने से पहले कंपनी की पूरी जाँच-पड़ताल कर लें। पूरी जाँच-पड़ताल के बाद ही निवेश करें। देहरादून पुलिस ऐसी कंपनियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी जो धोखाधड़ी के जरिए आम लोगों की कमाई हड़पने की कोशिश करेंगी।

