सहारनपुर : सहारनपुर पुलिस ने दिल्ली-देहरादून नेशनल हाइवे पर सांप्रदायिक नारे लिखने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने विवादित स्लोगन लिखने के आरोप में दो युवतियों और एक युवक को गिरफ्तार कर लिया है। थाना बिहारीगढ़ पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर कार्रवाई की है। शुक्रवार को तीनों आरोपियों को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया है। पकडे गई युवतियों और युवक तीनों ने दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे पर “यह सड़क मुसलमानों के लिए नहीं है” जैसे नारे लिखे थे। जिसका वीडियो भी सामने आया था।
हैरत की बात तो ये है कि गिरफ्तारी के बाद युवतियों अपने किये पर कोई पछतावा नहीं है। उन्होंने कहा कि वे सनातन धर्म की खातिर न सिर्फ एक बार बल्कि दस बार भी जेल जाने को तैयार हैं। तीनों आरोपी देहरादून के रहने वाले हैं और खुद को ‘हिंदू रक्षा दल’ का कार्यकर्ता बताते हैं। आपको बता दें कि 26 फरवरी की देर शाम दोनों युवतियों ने युवक के साथ मिलकर नेशनल हाईवे-72A (एलिवेटेड रोड) पर सड़क किनारे बने सीमेंट के ब्लॉक और शेल्टर पर स्प्रे पेंट से विवादित नारे लिखे थे।
उन्होंने लिखा था कि “यह सड़क मुसलमानों के लिए नहीं है।” यह भड़काऊ नारा हिंदी और अंग्रेजी, दोनों भाषाओं में स्प्रे पेंट से लिखा गया था। इसका एक 59 सेकंड की वीडियो क्लिप भी सोशल मीडिया पर सामने आया है। वीडियो में दो युवतियां हाईवे की रेलिंग पर स्प्रे पेंट से नारे लिखती हुई दिख रही हैं, जबकि एक युवक इस पूरी घटना का वीडियो बनाता हुआ नज़र आ रहा है।
वीडियो में दोनों युवतियां रेलिंग पर स्प्रे पेंट से नारे लिखती हुई दिखाई देती हैं। दोनों ने अपने गले में भगवा रंग का गमछा पहना हुआ है। युवतियों में से एक अंग्रेजी में “This road is not allowed for Muslims” लिखती हुई दिखती है, जबकि दूसरी हिंदी में “यह सड़क मुसलमानों के लिए नहीं है” लिखती नजर आ रही है। नारे लिखने के बाद दोनों युवतियां “जय श्री राम” के नारे भी लगाती हैं। वीडियो के बिल्कुल आखिर में उत्तराखंड की नंबर प्लेट वाली एक लाल रंग की स्विफ्ट कार दिखाई देती है।

