सहारनपुर में 4.10 करोड़ की स्मैक बरामद, दो शातिर नशा तस्कर गिरफ्तार, उड़ता पंजाब बनाने की मंशा पर फिरा पानी 

सहारनपुर में 4.10 करोड़ की स्मैक बरामद, दो शातिर नशा तस्कर गिरफ्तार, उड़ता पंजाब बनाने की मंशा पर फिरा पानी 
सहारनपुर : सहारनपुर जिले को उड़ता पंजाब बनाने की योजना एक बार फिर नाकाम हुई है। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन सवेरा के तहत बेहट पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान दो शातिर नशा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 804 ग्राम अवैध स्मैक पाउडर बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 4 करोड़ 10 लाख रुपये है। करोड़ों की स्मैक तस्करी का भंडाफोड़ कर जहां पुलिस अपनी पीठ थप थपा रही है वहीं अवैध नशा कारोबारियों में मचा हुआ है।
एसपी देहात मयंक पाठक ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर के निर्देशन और पुलिस अधीक्षक ग्रामीण व क्षेत्राधिकारी बेहट के पर्यवेक्षण में नशे की तस्करी पर रोक लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में प्रभारी निरीक्षक बेहट जितेंद्र सिंह दीखित के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 16 अगस्त 2026 को मुखबिर की सूचना पर गंदेवड़ अड्डे से चिलकाना की ओर जाने वाले रास्ते पर चेकिंग की। चेकिंग के दौरान पुलिस ने दो संदिग्धों को पकड़ा। उनकी पहचान तालिब पुत्र सलीम उर्फ सालिम निवासी असगरपुर थाना मिर्जापुर और अमित उर्फ अनित पुत्र कटार सिंह निवासी बुठेड़ा, थाना सरसावा के रूप में हुई।
पुलिस ने दोनों के कब्जे से 804 ग्राम स्मैक के अलावा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बोलेरो कार संख्या UP17H2298, एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा और दो मोबाइल फोन बरामद किए। पुलिस का कहना है कि इलेक्ट्रॉनिक कांटे का इस्तेमाल मादक पदार्थ की तौल के लिए किया जा रहा था। बरामदगी और गिरफ्तारी के आधार पर थाना बेहट में 335/2026, धारा 8/21/60(3) एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब आरोपियों के नशे के कारोबार से जुड़े फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक की जांच कर रही है, ताकि तस्करी के नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों तक पहुंच बनाई जा सके।
एसपी देहात मयंक पाठक के मुताबिक़ गिरफ्तार आरोपी तालिब के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तीन मुकदमे दर्ज हैं। वहीं अमित उर्फ अनित के खिलाफ भी एनडीपीएस एक्ट समेत अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सिंह दीखित, वरिष्ठ उपनिरीक्षक बलवीर सिंह, उपनिरीक्षक धीरज सिंह सहित बेहट थाने की पुलिस टीम शामिल रही। पुलिस ने दोनों आरोपियों को कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। ऑपरेशन सवेरा के तहत नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल नेटवर्क को चिन्हित कर उसके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।
नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts