चंडीगढ़, 10 मई। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मातृत्व दिवस के अवसर पर प्रदेश सहित देशभर की समस्त मातृ शक्ति को हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दी। उन्होंने कहा कि माँ केवल एक शब्द नहीं, बल्कि प्रेम, त्याग, ममता और असीम शक्ति का जीवंत स्वरूप है। एक माँ अपने बच्चों के जीवन को संस्कार, मार्गदर्शन और आत्मबल प्रदान करती है तथा परिवार और समाज की नींव को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि माँ का स्थान संसार में सबसे ऊंचा माना गया है। एक माँ निस्वार्थ भाव से अपने परिवार के लिए समर्पित रहती है और हर परिस्थिति में अपने बच्चों का संबल बनती है। उन्होंने कहा कि मातृत्व केवल जन्म देने तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों को संस्कारवान, जिम्मेदार और सफल नागरिक बनाने की सबसे बड़ी शक्ति भी माँ ही होती है।
उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में माँ को देवी का स्वरूप माना गया है। हमारे समाज में मातृत्व को सर्वोच्च सम्मान दिया गया है और यही हमारी संस्कृति की सबसे बड़ी पहचान भी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का दिन उन सभी माताओं के प्रति सम्मान और आभार व्यक्त करने का अवसर है, जिन्होंने अपने त्याग, परिश्रम और ममता से समाज को मजबूत बनाने में अहम योगदान दिया है।
श्री सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार महिलाओं और मातृ शक्ति के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्रदेश में महिलाओं के स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं, ताकि महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ सकें और समाज में अपनी मजबूत भागीदारी निभा सकें।
मुख्यमंत्री ने सभी नागरिकों से माताओं का सम्मान करने, उनकी भावनाओं को समझने और उनके योगदान को सदैव याद रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि माँ का आशीर्वाद जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है और उनके बिना जीवन अधूरा है।

