फिरोजाबाद में फर्जी बाबा गिरफ्तार, संतान पैदा करने की दवाई के नाम पर करता था शोषण

फिरोजाबाद : संतान प्राप्ति के लिए अक्सर महिलाएं काले जादू और अंधविश्वास के जाल में फंसकर शोषण का शिकार हो जाती हैं। ऐसा ही एक मामला फिरोजाबाद में हुआ है। संतान न होने से परेशान हाथरस की एक महिला ने फिरोजाबाद में रहने वाले एक बाबा के जाल में फंसकर अपनी इज्जत गँवा दी। जब उसने अपने परिजनों को आपबीती बताई तो मामला पुलिस तक पहुँचा। इसके बाद पुलिस ने आरोपी बाबा को गिरफ्तार कर लिया।

बताया गया कि हाथरस की महिला शादी के बाद संतान न होने से परेशान थी। उसने काफी इलाज कराया, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। इसके बाद फिरोजाबाद के नारखी इलाके में रहने वाली एक महिला रिश्तेदार ने बाबा चंद्रपाल के बारे में जानकारी दी। इस पर महिला और उसके परिजन बाबा चंद्रपाल के पास पहुँचे और इलाज कराने की गुहार लगाई।

महिला रिश्तेदार की बात पर विश्वास करके महिला शनिवार को अपने पति और महिला रिश्तेदार के साथ बाबा चंद्रपाल के यहाँ पहुँची। इस दौरान बाबा चंद्रपाल ने कुछ तांत्रिक क्रियाएँ कीं और पीड़िता के साथ आए लोगों से कहा कि गुफा में एक लड्डू और नींबू चढ़ाना है। यह काम महिला को अकेले ही करना है। इसके बाद बाबा महिला को कुछ दूर स्थित एक गुफा में ले गया। जहाँ उसने महिला के साथ दुष्कर्म किया। गुफा से लौटने के बाद महिला ने अपने पति को आपबीती सुनाई।

इसके बाद महिला और उसका पति दोनों नारखी थाने पहुँचे और शिकायत दर्ज कराई। नारखी एसएचओ राकेश गिरी ने बताया कि एफआईआर दर्ज होने के बाद आरोपी चंद्रपाल बाबा निवासी गाँव मनियाखेड़ा, थाना नारखी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts