मैनपुरी की सांसद डिंपल यादव पर आपत्तिजनक टिप्पणी पर चुप क्यों अखिलेश ?राजनीतिक गलियारों में उठे सवाल

लखनऊ: मैनपुरी की सांसद डिंपल यादव पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में ऑल इंडिया इमाम एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना साजिद रशीदी के खिलाफ लखनऊ के विभूति खंड थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। यह शिकायत समाजवादी पार्टी के नेता प्रवेश यादव ने दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अभी तक इस पूरे विवाद पर कोई सार्वजनिक टिप्पणी नहीं की है, जिससे राजनीतिक गलियारों में सवाल उठ रहे हैं।

यह विवाद तब शुरू हुआ जब संसद के मानसून सत्र के दौरान सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और डिंपल यादव सांसदों के साथ बैठक के लिए संसद परिसर में स्थित एक मस्जिद में गए थे। एक टीवी शो के दौरान इस घटना पर टिप्पणी करते हुए मौलाना साजिद रशीदी ने कहा था कि मस्जिद में दो महिलाएं आई थीं। एक ने खुद को ढका हुआ था। इसके बाद उन्होंने डिंपल पर आपत्तिजनक टिप्पणी की।

मौलाना साजिद की इस टिप्पणी के बाद उत्तर प्रदेश से लेकर दिल्ली तक सियासत गरमा गई है। भारतीय जनता पार्टी ने इस घटना को लेकर सपा पर तीखे हमले किए हैं और मौलाना साजिद रशीदी से माफी मांगने की मांग की है। वहीं, कांग्रेस नेता इमरान मसूद ने सपा और अखिलेश यादव का बचाव किया है, जबकि समाजवादी पार्टी भी अपने नेताओं के समर्थन में खुलकर सामने आई है।

भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जमाल सिद्दीकी ने इस मामले पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि मस्जिद का इस्तेमाल सपा कार्यालय के रूप में किया गया। उन्होंने दिल्ली की मंत्री रेखा गुप्ता और दिल्ली वक्फ बोर्ड से मस्जिद के इमाम मोहिबुल्लाह नदवी को उनके पद से हटाने की भी मांग की है।

कौन हैं मौलाना मोहम्मद साजिद रशीदी: मौलाना मोहम्मद साजिद रशीदी ‘ऑल इंडिया इमाम एसोसिएशन’ के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। यह संगठन देश भर के इमामों और धर्मगुरुओं का प्रतिनिधि माना जाता है। गौरतलब है कि उन्होंने मुसलमानों में भाजपा से जुड़े डर को दूर करने के उद्देश्य से 2025 के दिल्ली विधानसभा चुनाव में पहली बार भाजपा को वोट देने का ऐलान किया था।

पुलिस कार्रवाई जारी: विभूति खंड इंस्पेक्टर सुनील कुमार सिंह ने बताया कि मौलाना रशीदी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 79, 196, 197, 299, 352, 353 और आईटी एक्ट की धारा 67 के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि आवश्यकतानुसार कानूनी कदम उठाए जाएँगे और जाँच जारी है। समाजवादी पार्टी के नेता प्रवेश यादव ने लखनऊ में मौलाना साजिद रशीदी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts