लखनऊ: माल थाना क्षेत्र के पकरा बाजार गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना घटी है। मामूली विवाद के बाद एक युवक ने अपनी पत्नी की ईंट से कूचकर बेरहमी से हत्या कर दी और फिर खुद भी आत्महत्या कर ली। हालांकि, पुलिस अभी तक हत्या और आत्महत्या के पीछे की असली वजह का पता नहीं लगा पाई है। पुलिस के मुताबिक, इस खौफनाक घटना की चश्मदीद 4 साल की मासूम के बयान के आधार पर जांच की जा रही है।
बताया गया कि माल थाना क्षेत्र के पकरा बाजार गांव निवासी रवि चंडीगढ़ में अपने ससुराल वालों के साथ मजदूरी करता था। वह 24 जुलाई को गांव आया था। वह अपने बीमार साले को देखने गांव आया था। रवि शराब पीने का भी आदी था और अक्सर झगड़ा करता था। रविवार (27 जुलाई) को रवि और उसकी पत्नी सीमा (25) के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसी दौरान रवि ने सीमा के सिर पर ईंटों से वार कर दिया। जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के वक्त घर में तेज आवाज में संगीत बज रहा था। जिससे पड़ोसियों को भनक तक नहीं लगी।
कुछ देर बाद घर के बाहर खेल रही रवि की चार साल की बेटी पलक अंदर आई तो उसने अपनी माँ को फर्श पर तड़पते देखा। वह ज़ोर-ज़ोर से रोने लगी। पलक की चीख सुनकर आसपास के लोग घर की ओर दौड़े। अंदर का नज़ारा देखकर दंग रह गए। पूरा घर खून से लथपथ था और सीमा गंभीर रूप से घायल पड़ी थी। इस बीच, रवि मौके से फरार हो गया। पड़ोसियों ने सीमा को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुँचाया, जहाँ से उसे ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। हालाँकि, इलाज के दौरान सीमा की मौत हो गई। सोमवार सुबह रवि ने भी आत्महत्या कर ली।
थाना प्रभारी माल नवाब अहमद के अनुसार, थाना क्षेत्र के पकरा बाजार गाँव में पत्नी की हत्या के बाद पति रवि ने भी आत्महत्या कर ली। सोमवार सुबह रवि का शव भी बरामद कर लिया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

