फ़िरोज़ाबाद : जसराना थाना क्षेत्र में मंगलवार को हुई 12वीं की छात्रा (17) की हत्या का मामला पुलिस ने सुलझा लिया है। हत्या का कारण ऑनर किलिंग सामने आया है। पुलिस के अनुसार, प्रेमी के साथ बेटी को देखकर गुस्साए पिता ने कुल्हाड़ी से वार कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
एसपी ग्रामीण त्रिगुण बिसेन ने बताया कि मंगलवार को जसराना थाना क्षेत्र के एक गाँव में हत्या की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुँची तो गाँव के बाहर खेत में एक किशोरी का शव पड़ा मिला। किशोरी की गला रेतकर हत्या की गई थी। शुरुआती जाँच और ग्रामीणों से पूछताछ में पता चला कि किशोरी उसी गाँव की रहने वाली थी। किशोरी 12वीं की छात्रा थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जाँच शुरू कर दी गई है।
एसपी ग्रामीण के अनुसार, जाँच के दौरान पता चला कि किशोरी पड़ोसी गाँव के एक युवक के संपर्क में थी। सोमवार देर रात वह युवक से मिलने खेत पर गई थी। इसी बीच, उसका पिता इंद्रपाल उसे ढूंढते हुए मौके पर पहुँच गया। खेत में अपनी बेटी को प्रेमी के साथ देखकर वह आगबबूला हो गया और कुल्हाड़ी से उसकी गर्दन काट दी। कुल्हाड़ी के वार से किशोरी की मौके पर ही मौत हो गई। आरोपी पिता इंद्रपाल को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी ने अपना जुर्म भी कबूल कर लिया है। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद कर ली गई है। घटना से जुड़े अन्य साक्ष्य जुटाकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

