सहारनपुर : सहारनपुर के थाना बेहट पुलिस ने सरकारी वेबसाइट पर आधार कार्ड से छेड़छाड़ करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने लोगों को अपना शिकार बनाने वाले गिरोह के तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पकडे गए अभियुक्तों के पास से 12 आधार कार्ड, फिंगरप्रिटर, आई प्रिंटर और आधार कार्ड बनाने के उपकरण बरामद किये हैं। यह गिरोह शामली समेत कई जिलों में फैला हुआ है।
आपको बता दें कि गुरुवार को बेहट पुलिस को सूचना मिली कि कस्बे के मोहल्ला गार्डन स्थित जन सेवा केंद्र पर बिना अनुमति और प्राधिकार पत्र के आधार कार्ड में फर्जी तरीके से नाम, पते और मोबाइल नंबर संशोधित किए जा रहे हैं। पुलिस ने जन सेवा केंद्र पर छापा मारा तो वहां का नजारा देख हैरान रह गई। मौके पर आसिफ निवासी बेहट, सागर निवासी ग्राम खुर्रमपुर और राजेश उर्फ राजू निवासी ग्राम रोगला हथौली आधार कार्डों के साथ छेड़छाड़ कर रहे थे। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने मौके से 12 आधार कार्ड, कागज की तीन शीट जिन पर आधार कार्ड छपे थे, तीन रसीदें, एक रबर स्टैंप जिस पर फर्जी फिंगरप्रिंट बनाए गए थे, बरामद हुए। इसके अलावा एक वेब कैमरा, दो लैपटॉप आदि भी जब्त किए गए। पुलिस जांच में पता चला कि इनका एक साथी शामली का रहने वाला है, जिसने इन्हें शामली निवासी मूसा नाम के व्यक्ति की आईडी उपलब्ध कराई थी। आईडी के जरिए आरोपी रबर पर नकली अंगूठे का निशान लेकर आधार कार्ड की आधिकारिक वेबसाइट खोल लेते थे।
इसके बाद किसी भी स्थानीय व्यक्ति के आधार कार्ड में नाम, पता और मोबाइल नंबर आदि गलत फीड कर देते थे, जिसे ठीक करवाने के लिए संबंधित व्यक्ति इनके पास आता था। इस तरह इनकी अच्छी कमाई हो जाती थी। फिलहाल पुलिस यह पता लगा रही है कि आरोपी किसकी आईडी इस्तेमाल कर रहे थे।
नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...


