गोंडा : कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के एक गाँव में 22 अगस्त को हुई 19 वर्षीय युवती की हत्या के आरोपी सनी सिंह को पुलिस ने सोमवार को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी है। उसे इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के अनुसार कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के एक गाँव में 22 अगस्त को हुई युवती की हत्या के आरोपी सनी सिंह को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी के पैर में गोली लगी है। उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। आरोपी मूल रूप से बहराइच का रहने वाला है। वह यहाँ पूर्व प्रधान के पोल्ट्री फार्म पर काम करता था। आरोपी के कब्जे से एक मोटरसाइकिल और एक तमंचा बरामद किया गया है।
कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के पूरे लालक गाँव की रहने वाली युवती का शव उसके खेत में मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या की बात सामने आने पर पुलिस की पाँच टीमें जाँच में जुटी थीं। पुलिस की जाँच में पता चला कि युवती अपने खेत पर अकेली काम कर रही थी। उसी दौरान आरोपी सनी सिंह खेत में पहुँचा और लड़की के साथ गलत काम करने की कोशिश की। इसके बाद लड़की ने आरोपी सनी को थप्पड़ मार दिया। इसके बाद आरोपी ने दुपट्टे से लड़की का गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी और वहाँ से फरार हो गया।

