शामली : उत्तर प्रदेश के शामली ज़िले में पुलिस ने पंचायत चुनाव से पहले कैराना के एक घर से देसी तमंचों का बड़ा जखीरा बरामद किया है। पुलिस ने एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया है। उसके पास से भारी मात्रा में तैयार और अधूरे देसी तमंचे और बनाने के उपकरण बरामद किए गए हैं। शामली के एसपी एनपी सिंह ने बताया कि आरोपी पहले भी जेल जा चुका है।
एसपी एनपी सिंह ने बताया कि कैराना थाना क्षेत्र के इकबालपुरी मोहल्ले में एक घर में तमंचा बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़ हुआ है। आरोपी फैयाज को देसी तमंचों के बड़े जखीरे के साथ गिरफ्तार किया गया है। फैयाज अपने घर में अवैध हथियारों की फैक्ट्री चला रहा था। वह 315 बोर और 12 बोर के तमंचे बनाता था।
उन्होंने बताया कि फैयाज पहले भी अवैध हथियार बनाने के आरोप में जेल जा चुका है। उसके पास से 315 बोर के 12 तमंचे, 12 बोर के सात अवैध तमंचे, नौ बैरल, पांच अधबने तमंचों के बॉडी और अवैध तमंचे बनाने के उपकरण बरामद हुए हैं। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है।
पंचायत चुनाव से पहले अवैध तमंचों की खेप पकड़े जाने से पुलिस को राहत मिली है। पुलिस अधीक्षक (एसपी) एनपी सिंह ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने बताया कि एक तमंचा बनाने की लागत करीब 800 रुपये आती है। वह तमंचे एक बिचौलिए को 2,000 से 2,200 रुपये में बेचता था। दलाल उसे तमंचे मुहैया कराता था। पुलिस ने तमंचे बेचने वाले दलाल की तलाश शुरू कर दी है।

