सहारनपुर : सहारनपुर में थाना सदर बाज़ार इलाके में सोमवार की सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई जब स्टार पेपर मिल के पास टपरी रोड पर एक ट्रक बिजली के खंभे से टकरा गया और अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें उठने लगी। जैसे तैसे चालक-परिचालक ने कूद कर जान बचाई। आग की भयंकर लपटें देख आसपास के लोग घबरा गए और सड़क के दोनों ओर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मश्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। इस दौरान गनीमत ये रही कि हादसे में कोई जान माल का नुकसान नहीं हुआ।

आपको बता दें कि सोमवार सुबह एक ट्रक नंबर UP 11 DT 0396 लकड़ी का सामान लेकर सहारनपुर से गौतमबुद्धनगर के लिए निकला था। जैसे ही ट्रक टपरी रोड पर पहुंचा तो वह बेकाबू होकर सड़क किनारे एक बिजली के खंभे से टकरा गया। खंभे में टक्कर लगने के बाद ट्रक में करंट दौड़ गया। जिससे ट्रक में आग लग गई। ट्रक में लकड़ी के हस्तशिल्प का सामान भरा हुआ था जिसके चलते आग ने विकराल रूप ले लिया और देखते ही देखते ट्रक में लगी आग की लपटें आसमान छूने लगी।
ट्रक में लगी आग की लपटें देख राहगीरों में हड़कंप की स्तिथि बन गई। टपरी रोड़ पर लंबा जाम लग गया। राहगीरों ने दमकल विभाग को फोन कर आग लगने की सुचना दी। सुचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुँच गई। दमकल कर्मियों ने कड़ी मश्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। लेकिन तब तक ट्रक में रखा लाखों रूपये का लकड़ी का सामान और खिलौने जलाकर ख़ाक हो गए।
सीओ दमकल प्रताप सिंह ने बताया कि दमकल कर्मियों ने जैसे तैसे फायर हुक और फावड़े का इस्तेमाल करके ट्रक में लदे लकड़ी के कुछ सामान को अलग किया, जिससे आग फैलने से रुक गई। काफी मशक्कत के बाद आग पूरी तरह बुझा दी गई। इस समय पर की गई कार्रवाई से न सिर्फ ट्रक के पास मौजूद दूसरे वाहनों और संपत्तियों को नुकसान से बचाया गया, बल्कि एक बड़ा हादसा भी टल गया। खुशकिस्मती से इस आग में कोई हताहत नहीं हुआ। ट्रक ड्राइवर भी सुरक्षित बताया जा रहा है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, ट्रक मंडी पुलिस स्टेशन इलाके से गौतम बुद्ध नगर जिले में सामान ले जा रहा था।
नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...


