सहारनपुर : उत्तर प्रदेश के जनपद सहारनपुर में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है जहां झूठी शान के लिए चार दिन पहले प्रेमी के साथ भागी युवती को सगे भाइयों ने गोली मार दी। चौकाने वाली बात ये है कि युवकों ने पुलिस की मौजूदगी में घटना को अंजाम दिया है। पुलिस कस्टडी में युवती में सटा कर गोली मारी गई है। जिससे युवती की हालत गंभीर बनी हुई है वहीं घटना को अंजाम देने के बाद दोनों भाई मौके से फरार हो गए। आनन फानन में पुलिस ने घायल युवती को फतेहपुर सीएचसी में भर्ती कराया जहां से डॉक्टरों ने नाजुक हालत देखते हुए हायर सेंटर के लिए रेफर का कर दिया। एसएसपी ने गिरफ्तारी के लिए चार टीमें घठित कर आवश्यक निर्देश दिए हैं। घटना से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।

आपको बता दें कि थाना फतेहपुर इलाके के गांव रामखेड़ी निवासी 25 वर्षीय राखी का अप्रेम प्रसंग लंबे समय से कंडेला गाँव निवासी लवकुश के साथ चल रहा था। दोनों ने साथ जीने मरने की कसम खाई थी। लेकिन युवक का दूसरी जाति का होने के चलते परिजनों को यह नागवार गुजरा। युवती के परिजनों ने उसको कई बार समझाया लेकिन उसने उनकी एक नहीं मानी और चार दिन पहले वह लवकुश के साथ घर से चली गई। जिसके बाद युवती के भाई रवि ने गांव कंदेला निवासी लवकुश और गोविंद के खिलाफ थाना फतेहपुर में नामजद तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया था। रवि ने लवकुश के पर बहन को बहला फुसला कर भगा ले जाने का आरोप लगाया था।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रेमी युगल की छानबीन शुरू कर दी। एसएसपी अभिननंदन सिंह ने बताया कि रविवार की पुलिस ने देर रात युवती को बरामद कर लिया। सोमवार की दोपहर कागजी कार्यवाई पूरी करने के बाद पुलिस उसे मेडिकल जांच के लिए सीएचसी फतेहपुर लेकर पहुंची। जहां पहले से घात लगाए बैठे उसके दो सगे भाइयों ने पुलिस की गाडी में बैठी राखी के सर में सटा कर गोली मार दी। जब तक युवती के साथ गए पुलिस कर्मी कुछ समझ पाते तब तक दोनों भाई मौके से फरार हो गए। आनन फानन में पुलिस ने सबसे पहले घायल युवती को असपताल में भर्ती कराया। जहां से डॉक्टरों की टीम ने युवती की गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर किया गया। बाद में उसे दिल्ली रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया यहां से भी युवती को हायर सेंटर के लिए रेफर करना पड़ा।
एसएसपी अभिनन्दन ने बताया कि आरोपी भाइयों की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें बनाई गई हैं। मामले की जांच शुरू कर दी है। जल्द ही युवती के हमलवार भाइयों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं इस घटना ने कानून-व्यवस्था और पुलिस सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस कस्टडी में युवती पर जानलेवा हमला करना पुलिस की सतर्कता पर भी सवाल उठने लाज़मी हैं।

