सहारनपुर : सहारनपुर के थाना देवबंद इलाके के गांव नन्हेड़ा आसा में शुक्रवार देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया जब वर्चस्व की लड़ाई में गोलियां चल गई। गोली लगने से गांव के 70 वर्षीय बुजुर्ग जयपाल सिंह की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में भारी तनाव फैल गया और आक्रोशित ग्रामीणों ने मौके पर जमकर हंगामा किया। सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। ग्रामीणों ने आरोपी के ख़िलाफ़ सख्त कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों ने पुलिस से जल्द से जल्द आरोपी को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
आपको बता दें कि गांव निवासी जयपाल सिंह देर रात अपने घेर में बैठे हुए थे। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला एक व्यक्ति वहां पहुंचा। आरोप है कि उसने जयपाल सिंह की लाइसेंसी बंदूक से ही उन पर गोली चला दी। गोली लगते ही जयपाल सिंह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोग उन्हें संभाल पाते, उससे पहले ही उनकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बंदूक लेकर मौके से फरार हो गया।
हत्या की खबर गांव में आग की तरह फैल गई। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जमा हो गए और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। हालात तनावपूर्ण होते देख पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया। आनन-फानन में मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ग्रामीणों का कहना है कि मृतक और आरोपी के परिवारों के बीच लंबे समय से वर्चस्व और आपसी रंजिश को लेकर विवाद चला आ रहा था। दोनों परिवार आमने-सामने रहते हैं और कई बार पहले भी दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और तनाव की स्थिति बन चुकी थी। पुलिस प्रारंभिक जांच में इसी पुरानी रंजिश को हत्या की मुख्य वजह मानकर चल रही है।
पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमों का गठन किया है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। एसएसपी अभिनंदन का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक और भय का माहौल है।