सहारनपुर : जिले की थाना फतेहपुर पुलिस ने अवैध हथियार बनाने के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अवैध शस्त्र फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे और निशानदेही पर बड़ी संख्या में तैयार और अर्धनिर्मित अवैध हथियार, जिंदा कारतूस तथा हथियार बनाने के उपकरण बरामद किए हैं। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।
पुलिस के अनुसार, थाना प्रभारी निरीक्षक वीरेन्द्र सिंह राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम बुड्ढाखेड़ा स्थित पुंडीर नदी के डूब क्षेत्र में बने एक कमरे में अवैध रूप से हथियार तैयार किए जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान मौके से रोहित उर्फ बाबा पुत्र रजनेश निवासी ग्राम गणेशपुर, थाना बिहारीगढ़ को गिरफ्तार कर लिया गया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से एक 315 बोर का तमंचा, दो पोना 12 बोर तमंचे, छह अर्धनिर्मित 315 बोर तमंचे, चार नाल, सात जिंदा कारतूस सहित हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले ग्राइंडर, रेती, हथौड़ी, स्प्रिंग, डाई और अन्य उपकरण बरामद किए। इसके अलावा मौके से बिना नंबर की एक मोटरसाइकिल भी कब्जे में ली गई है।
पुलिस ने बरामदगी और गिरफ्तारी के आधार पर थाना फतेहपुर में मुकदमा संख्या 255/26 के तहत धारा 3/5/25 आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि अब तक कितने हथियार तैयार किए जा चुके हैं, किन लोगों को उनकी सप्लाई की गई और इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन शामिल है।
एसपी ग्रामीण मयंक पाठक ने प्रेस वार्ता में मामले का खुलासा करते हुए बताया कि मुखबिर की सूचना पर फतेहपुर पुलिस ने एक मकान में संचालित अवैध शस्त्र फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जिसे इस गिरोह का सरगना माना जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया है कि उसने कुछ दिन पहले ही हथियार बनाने का काम शुरू किया था।
एसपी ग्रामीण ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित कर दी गई हैं जो इस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और हथियारों की खरीद-फरोख्त करने वाले लोगों की तलाश कर रही हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि अवैध हथियार किन क्षेत्रों में सप्लाई किए जाने थे और इनके पीछे कोई बड़ा आपराधिक नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है।
एसपी ग्रामीण मयंक पाठक का कहना है कि मुखबिर की सूचना पर थाना फतेहपुर पुलिस ने अवैध शस्त्र फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में उसने बताया है कि कुछ दिन पहले ही यह काम शुरू किया था। गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है। जिले में अवैध हथियारों के निर्माण और तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। ऐसे अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।