सरसावा सड़क हादसे में ITBP DIG और ड्राइवर की मौत, छह घायल

Saharanpur ITBP DIG car accident
सहारनपुर : देहरादून-पंचकूला नेशनल हाईवे पर सरसावा थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के डीआईजी परमेन्द्र सिंह और उनके ड्राइवर की मौत हो गई। हादसे में डीआईजी के गनर समेत छह लोग घायल हुए हैं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां एक महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है।
Saharanpur ITBP DIG car accident
जानकारी के मुताबिक, हादसा सुबह करीब 10:30 बजे सरसावा थाना क्षेत्र में झबीरन कट के पास हुआ। डीआईजी परमेन्द्र सिंह मसूरी में ट्रेनिंग पूरी करने के बाद किसी काम से अंबाला की ओर जा रहे थे। उनकी स्कॉर्पियो कार जैसे ही झबीरन कट के पास पहुंची, वह अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर के बाद स्कॉर्पियो उछलकर दूसरी लेन में जा पहुंची और सामने से आ रही स्विफ्ट कार से जोरदार भिड़ंत हो गई।
Saharanpur ITBP DIG car accident
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के दौरान जोरदार धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। दुर्घटना के बाद दोनों वाहनों में सवार लोग अंदर ही फंस गए। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल राहत-बचाव शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सरसावा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से वाहनों में फंसे घायलों को बाहर निकाला। सभी को एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने डीआईजी और उनके ड्राइवर को मृत घोषित कर दिया।
Saharanpur ITBP DIG car accident
डीएम ने बताया कि डीआईजी मूल रूप से पंजाब के रूपनगर (रोपड़) के रहने वाले थे और वर्तमान में जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में तैनात थे। वह मसूरी से ट्रेनिंग पूरी करने के बाद अंबाला जा रहे थे। हादसे में उनके गनर जयराम को भी गंभीर चोटें आई हैं। 36 वर्षीय जयराम मूल रूप से पटियाला का रहने वाला बताया गया है और उसका उपचार जारी है। दूसरी ओर, स्विफ्ट कार में सवार तीन लोग भी हादसे में घायल हुए हैं। इनमें 49 वर्षीय गुरूनानक सिंह, 55 वर्षीय देवेन्द्र कौर और 55 वर्षीय गुरुनाम सिंह शामिल हैं। तीनों हरियाणा के करनाल के रहने वाले बताए गए हैं। देवेन्द्र कौर की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों का मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है।
हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारु कराया। पुलिस और प्रशासन की ओर से हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर स्कॉर्पियो के अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने की बात सामने आई है, हालांकि दुर्घटना की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। यह हादसा जिला मुख्यालय से करीब 25 किलोमीटर दूर हुआ। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया तथा घायलों के उपचार की जानकारी ली। हादसे में दो लोगों की मौत और कई लोगों के घायल होने से क्षेत्र में शोक का माहौल है।
नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts