सहारनपुर : सहारनपुर के जिला महिला अस्पताल से चोरी हुआ नवजात बच्चा पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है। थाना जनकपुरी पुलिस ने करीब 250 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगालकर बच्चे को हरिद्वार जिले के बहादराबाद से सकुशल बरामद कर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। महिला उस समय बच्चे को लेकर बहादराबाद बाईपास स्थित जया मैक्सवेल अस्पताल के बाहर किसी व्यक्ति के आने का इंतजार कर रही थी। नवजात शिशु की बरामदगी से जहां पुलिस ने राहत की साँस ली है वहीं परिजनों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की है। पुलिस ने महिला के ख़िलाफ़ संबधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक 21 सितंबर को जिला महिला अस्पताल में प्रसव के करीब 12 घंटे बाद नवजात को उसके पिता नाजिम की गोद से एक महिला टीका लगवाने के बहाने लेकर फरार हो गई थी। महिला ने नाजिम से टीके का कार्ड लाने के लिए कहा था। जैसे ही नाजिम कार्ड लेने गया, महिला बच्चे को लेकर अस्पताल से निकल गई। बच्चा चोरी की सूचना मिलते ही जनकपुरी पुलिस ने अस्पताल परिसर के CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। फुटेज में सफेद कपड़े पहने महिला नवजात को गोद में लेकर अस्पताल से बाहर निकलती दिखाई दी।
बहादराबाद बाईपास स्थित जया मैक्सवेल अस्पताल के बाहर महिला बच्चे के साथ दिखाई दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे हिरासत में ले लिया। उसके पास वही नवजात था, जिसे वह सहारनपुर से लेकर गई थी। एसपी सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी महिला ने अपने मोहल्ले के लोगों को फोन कर बताया था कि उसके बेटा हुआ है और वह बच्चे को लेकर घर आ रही है। उसने नवजात के लिए कपड़े भी खरीदे और दूध पिलाने के लिए बोतल भी ली। महिला का अपना कोई बच्चा नहीं है और वह पति से अलग रहती है।
बच्चे के सकुशल मिलने की खबर मिलते ही मां शबाना की आंखों से आंसू छलक पड़े। उसने बेटे को सीने से लगाकर दूध पिलाया। भावुक शबाना ने कहा कि वह दो दिन से सो नहीं पाई थी और रो-रोकर उसका बुरा हाल था। उसे समझ नहीं आ रहा था कि उसका बच्चा कहां है। उसने पुलिस का शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि पुलिस ने उसके बच्चे को उसकी झोली में डाल दिया। देहात कोतवाली क्षेत्र के शेखपुरा कदीम निवासी नाजिम ने पत्नी शबाना को प्रसव के लिए जिला महिला अस्पताल में भर्ती कराया था। रविवार देर रात करीब डेढ़ बजे शबाना ने बेटे को जन्म दिया।

