पौड़ी गढ़वाल : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को मातृ शोक हुआ है। उनकी माता सावित्री देवी का शुक्रवार, 20 नवंबर को निधन हो गया। उन्होंने उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के अपने पैतृक गांव पंचूर स्थित आवास पर अंतिम सांस ली। इस दुखद खबर से परिवार और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भाई महेंद्र ने फोन पर बातचीत के दौरान इस दुखद समाचार की पुष्टि की। वहीं, पौड़ी के एसएसपी सर्वेश कुमार ने भी सावित्री देवी के निधन की जानकारी दी है।
सावित्री देवी की उम्र करीब 91 वर्ष बताई जा रही है। वह गृहिणी थीं और अपने परिवार के साथ उत्तराखंड के पंचूर गांव में रहती थीं। उम्र अधिक होने के कारण उन्हें पिछले कुछ समय से स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां बनी हुई थीं। परिवार के लोग उनकी देखभाल कर रहे थे। मां के निधन की खबर सामने आने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समर्थकों और शुभचिंतकों में भी शोक का माहौल है।
लंबे समय से चल रही थीं स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी को बढ़ती उम्र के कारण अक्सर स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। मई 2024 में उनकी तबीयत खराब होने पर उन्हें ऋषिकेश स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया था। उन्हें जिरियाट्रिक वार्ड में रखा गया था, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार हुआ था।
उस समय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपनी मां का हालचाल जानने के लिए एम्स ऋषिकेश पहुंचे थे। उन्होंने चिकित्सकों से उनकी सेहत के बारे में जानकारी ली थी और कुछ समय उनके साथ अस्पताल में बिताया था। इससे पहले भी सावित्री देवी की तबीयत खराब होने पर परिवार के लोग उनकी सेहत को लेकर चिंतित रहे थे।
पंचूर गांव में रहता है योगी आदित्यनाथ का परिवार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मूल रूप से उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर ब्लॉक स्थित पंचूर गांव के रहने वाले हैं। उनका बचपन इसी गांव में बीता है। संन्यास लेने के बाद उन्होंने अपना पारिवारिक जीवन छोड़ दिया था, लेकिन परिवार के साथ उनका भावनात्मक जुड़ाव हमेशा चर्चा में रहा है।
योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद सिंह बिष्ट वन विभाग में कार्यरत थे। उनका निधन अप्रैल 2020 में 89 वर्ष की उम्र में हुआ था। कोरोना महामारी के शुरुआती दौर में पिता के निधन के समय योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारियों में व्यस्त होने के कारण अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो सके थे। पिता के निधन के बाद परिवार में उनकी माता सावित्री देवी का विशेष स्थान था।
2022 में मां से मिलने पहुंचे थे मुख्यमंत्री
मई 2022 में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करीब 28 साल बाद अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने अपनी मां सावित्री देवी से मुलाकात की थी और उनके पैर छूकर आशीर्वाद लिया था। मां-बेटे की इस मुलाकात की तस्वीर भी सामने आई थी, जिसकी काफी चर्चा हुई थी। अब सावित्री देवी के निधन की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उत्तराखंड के पंचूर गांव में रहने वाले परिजनों और ग्रामीणों में शोक का माहौल है।

