कानपुर : मंगलवार को मूलगंज चौराहे पर सवारी गाड़ी का इंतज़ार कर रहे एक व्यक्ति को अचानक दिल का दौरा पड़ गया। वहाँ मौजूद बकर मंडी पुलिस चौकी इंचार्ज रोहित तोमर ने सीपीआर देकर उसकी जान बचाई। इस काम में एक राहगीर ने भी मदद की। इस घटना के बाद लोग और पुलिस विभाग के लोग रोहित तोमर की खूब तारीफ़ कर रहे हैं। चौकी इंचार्ज द्वारा सीपीआर दिए जाने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
बताया गया कि मंगलवार दोपहर बकर मंडी पुलिस चौकी इंचार्ज रोहित तोमर मूलगंज चौराहे पर खड़े थे। उनके बगल में एक पति-पत्नी सवारी गाड़ी का इंतज़ार कर रहे थे। इसी बीच पति (50) को अचानक दिल का दौरा पड़ा और वह सड़क पर गिरकर दर्द से तड़पने लगे। पति को ऐसी हालत में देखकर पत्नी ज़ोर-ज़ोर से रोने लगीं। यह देख वहाँ से गुज़र रहे लोगों ने उन्हें घेर लिया। किसी को समझ नहीं आ रहा था कि क्या करें।
इसी बीच चौकी इंचार्ज रोहित तोमर वहाँ पहुँच गए और दिल की हालत भांपते हुए तुरंत उन्हें सीपीआर देना शुरू कर दिया। साथ ही वहाँ मौजूद एक राहगीर ने भी मदद की। महिला ने मुँह से मुँह साँस देने की कोशिश की। लगभग 20 सेकंड बाद, व्यक्ति को होश आया और उसकी जान बच गई। इसके बाद, पत्नी ने चौकी प्रभारी रोहित तोमर का आभार व्यक्त किया और अपने पति को अस्पताल ले गई।
चौकी प्रभारी रोहित तोमर ने बताया कि चौराहे पर मौजूद व्यक्ति को दिल का दौरा पड़ा था। उन्हें सीपीआर देने का प्रशिक्षण मिला था, इसलिए उन्होंने तुरंत वही कोशिश की। जिससे व्यक्ति की जान बच गई। मुझे खुशी है कि मैं किसी की मदद कर पाया। आज के समय में सीपीआर जैसे प्राथमिक उपचार का ज्ञान हर व्यक्ति के लिए बहुत ज़रूरी है। इस समय सोशल मीडिया और अपने विभाग में चौकी प्रभारी रोहित तोमर की खूब तारीफ़ हो रही है।

