सहारनपुर : सहारनपुर के डॉ. बी.आर. आंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम में सोमवार से अग्निवीर भर्ती रैली का शुभारंभ हुआ। आर्मी रिक्रूटिंग ऑफिस (ARO) मेरठ के अंतर्गत आने वाले 13 जिलों के युवाओं के लिए आयोजित भर्ती रैली के पहले दिन हापुड़ जिले के अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया। भर्ती मैदान में सुबह से ही युवाओं में जबरदस्त उत्साह, जोश और देशभक्ति का माहौल नजर आया। भर्ती रैली का आयोजन कर्नल सत्यजीत बेबले, निदेशक भर्ती, ARO मेरठ के नेतृत्व में किया जा रहा है। भर्ती प्रक्रिया निर्धारित नियमों और मानकों के अनुसार संचालित की जा रही है। इसमें अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा समेत विभिन्न चरणों में उनकी योग्यता और क्षमता का परीक्षण किया जा रहा है।

आपको बता दें कि तय कार्यक्रम के अनुसार पहले दिन हापुड़ जिले की गढ़मुक्तेश्वर, धौलाना और हापुड़ तहसील के अभ्यर्थियों ने भर्ती रैली में भाग लिया। कुल 899 अभ्यर्थियों ने दौड़ में हिस्सा लेकर अपनी शारीरिक क्षमता, अनुशासन और आत्मविश्वास का प्रदर्शन किया। भर्ती मैदान में युवाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। सेना में भर्ती होकर देश की सेवा करने का सपना लिए अभ्यर्थियों ने पूरे जोश और ऊर्जा के साथ दौड़ लगाई। कई युवाओं के लिए यह केवल शारीरिक परीक्षा नहीं, बल्कि भारतीय सेना की वर्दी पहनने के अपने सपने की दिशा में पहला महत्वपूर्ण कदम था।
अभ्यर्थियों का उत्साह बढ़ाने और दौड़ को फ्लैग ऑफ करने के लिए वीरता पुरस्कार से सम्मानित पूर्व सैनिकों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया। इस दौरान ऑनरेरी नायब सूबेदार सतीश कुमार, सेना मेडल, कोर ऑफ ईएमई तथा सूबेदार भीमसैन, सेना मेडल, 10 गार्ड्स मौजूद रहे। ऑनरेरी नायब सूबेदार सतीश कुमार को 26 जनवरी 1999 को और सूबेदार भीमसैन को 15 अगस्त 1985 को सेना मेडल से सम्मानित किया गया था। दोनों वीरता पुरस्कार विजेताओं ने अभ्यर्थियों की दौड़ को फ्लैग ऑफ किया। सेना मेडल से सम्मानित पूर्व सैनिकों की मौजूदगी ने युवाओं में नई ऊर्जा और प्रेरणा का संचार किया। देश की सेवा में उनके योगदान और साहस की कहानी भर्ती में शामिल होने आए युवाओं के लिए प्रेरणादायक रही।
सहारनपुर में आयोजित अग्निवीर भर्ती रैली ARO मेरठ के अंतर्गत आने वाले 13 जिलों के अभ्यर्थियों के लिए आयोजित की जा रही है। रैली की शुरुआत हापुड़ जिले के युवाओं से हुई है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अन्य जिलों के अभ्यर्थी भी अलग-अलग तिथियों में भर्ती प्रक्रिया में शामिल होंगे।
भर्ती अधिकारियों की ओर से पूरी प्रक्रिया को व्यवस्थित और पारदर्शी तरीके से निर्धारित नियमों के अनुसार संचालित किया जा रहा है। मैदान में अभ्यर्थियों की शारीरिक क्षमता के साथ-साथ उनके अनुशासन और धैर्य की भी परीक्षा हो रही है।
भर्ती अधिकारियों की ओर से पूरी प्रक्रिया को व्यवस्थित और पारदर्शी तरीके से निर्धारित नियमों के अनुसार संचालित किया जा रहा है। मैदान में अभ्यर्थियों की शारीरिक क्षमता के साथ-साथ उनके अनुशासन और धैर्य की भी परीक्षा हो रही है।
हापुड़ से आए युवाओं के चेहरों पर भारतीय सेना में शामिल होने का सपना साफ दिखाई दिया। कठिन शारीरिक परीक्षा के बावजूद अभ्यर्थियों ने पूरे आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प के साथ प्रदर्शन किया। भर्ती मैदान में गूंजती युवाओं की कदमताल और जोश ने देशसेवा के जज्बे को प्रदर्शित किया। हापुड़ जिले के युवाओं की भागीदारी ने साबित किया कि आज भी बड़ी संख्या में युवा भारतीय सेना में शामिल होकर राष्ट्र की सेवा करने को अपना गौरव मानते हैं। सहारनपुर में शुरू हुई यह अग्निवीर भर्ती रैली आने वाले दिनों में 13 जिलों के हजारों युवाओं के सपनों और उनकी मेहनत की परीक्षा का मंच बनेगी।
नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...


