स्टेज पर बुर्का पहनकर डांस का वीडियो वायरल, क़ारी इसहाक़ गोरा ने जताई नाराज़गी; कार्रवाई की मांग

Ulema on Dhirendra Shastri

सहारनपुर : जमीयत दावतुल मुस्लिमीन के संरक्षक एवं प्रसिद्ध देवबंदी उलेमा मौलाना क़ारी इसहाक़ गोरा ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो पर कड़ी नाराज़गी जताई है। वीडियो में कुछ युवतियां स्टेज पर बुर्का पहनकर डांस करती हुई नजर आ रही हैं। क़ारी इसहाक़ गोरा ने इस तरह की प्रस्तुति को शर्मनाक बताते हुए प्रशासन से मामले की जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।

वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए मौलाना क़ारी इसहाक़ गोरा ने कहा कि सबसे पहले यह स्पष्ट होना चाहिए कि वीडियो में दिखाई दे रही युवतियां कौन हैं और कार्यक्रम का आयोजक एवं संचालक कौन है। उन्होंने कहा कि यदि कार्यक्रम में किसी विशेष धार्मिक पहचान या पहनावे का इस्तेमाल करके इस तरह की प्रस्तुति दी गई है, तो प्रशासन को मामले का संज्ञान लेकर इसकी जांच करनी चाहिए।

उन्होंने कहा, “बुर्का मुस्लिम महिलाओं की धार्मिक पहचान और सम्मान से जुड़ा पहनावा है। इसे मंच पर मनोरंजन या डांस के लिए इस्तेमाल करना महिलाओं के सम्मान के साथ-साथ एक विशेष धर्म के लोगों की धार्मिक भावनाओं को भी ठेस पहुंचाने वाला है।”

मौलाना क़ारी इसहाक़ गोरा ने कहा कि किसी भी धर्म या समुदाय की धार्मिक पहचान से जुड़े प्रतीकों और पहनावों का इस्तेमाल मनोरंजन के लिए करते समय संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का ध्यान रखा जाना चाहिए। उन्होंने प्रशासन से अपील की कि वायरल वीडियो की वास्तविकता की जांच की जाए, कार्यक्रम के आयोजकों की पहचान की जाए और यदि नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts