पंचकूला: हरियाणा में अग्निपथ योजना के तहत सेना में भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। राज्य में 20 जुलाई 2026 से चार चरणों में अग्निवीर भर्ती रैलियां आयोजित की जाएंगी। यह भर्ती प्रक्रिया मार्च 2027 तक चलेगी। राज्य सरकार ने भर्ती को सुचारु और पारदर्शी ढंग से संचालित करने के लिए जिला प्रशासन और सेना के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
राज्य के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने गुरुवार को राज्य स्तरीय संचालन समिति की बैठक में तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सशस्त्र सेनाओं में हरियाणा का योगदान हमेशा महत्वपूर्ण रहा है, इसलिए भर्ती प्रक्रिया के दौरान अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सभी जिला प्रशासन को समय पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में युवाओं को सेना में करियर के प्रति जागरूक करने के लिए सरकारी स्कूलों में “नो योर आर्म्ड फोर्सेज” नाम से विशेष कॉर्नर स्थापित करने का प्रस्ताव भी रखा गया। इन कॉर्नर्स के माध्यम से छात्रों और युवाओं को सेना में भर्ती प्रक्रिया, करियर विकल्प, प्रशिक्षण और विभिन्न अवसरों की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए आवश्यक प्रदर्शन सामग्री जोनल भर्ती कार्यालय द्वारा उपलब्ध कराई जाएगी।
राज्य सरकार ने सैनिक एवं अर्धसैनिक कल्याण विभाग को अग्निवीरों के लिए एक डिजिटल पोर्टल विकसित करने के निर्देश भी दिए हैं। इस पोर्टल पर अग्निवीरों की शिक्षा, कौशल, प्रशिक्षण और सेवा अनुभव का पूरा रिकॉर्ड सुरक्षित रखा जाएगा। इसका उद्देश्य चार वर्ष की सेवा पूरी करने के बाद उन्हें सरकारी विभागों, सार्वजनिक उपक्रमों और निजी कंपनियों में रोजगार दिलाने में सहायता प्रदान करना है।
भर्ती प्रक्रिया को सफल बनाने के लिए प्रत्येक जिले में एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाएगा, जो सेना और जिला प्रशासन के बीच समन्वय स्थापित करेगा। साथ ही जिला उपायुक्तों को भर्ती स्थलों पर सभी आवश्यक सुविधाएं समय से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
चार चरणों में होगी भर्ती
- रोहतक भर्ती स्थल: 20 से 27 जुलाई 2026
जिले: झज्जर, रोहतक, पानीपत और सोनीपत। - भिवानी भर्ती स्थल: 2 से 18 सितंबर 2026
जिले: भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़ और रेवाड़ी। - अंबाला भर्ती स्थल: 12 से 25 अक्टूबर 2026
जिले: अंबाला, कैथल, करनाल, कुरुक्षेत्र, पंचकूला, यमुनानगर और चंडीगढ़। - हिसार भर्ती स्थल: जनवरी से मार्च 2027
जिले: हिसार, हांसी, जींद, फतेहाबाद और सिरसा।
राज्य सरकार का मानना है कि इन नई पहलों से युवाओं को सेना में भर्ती की बेहतर जानकारी मिलेगी और सेवा पूरी करने के बाद उनके लिए रोजगार के अवसर भी पहले से अधिक मजबूत होंगे।

