हरियाणा : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी सोमवार को पंचकूला स्थित ताऊ देवी लाल स्टेडियम पहुंचे, जहां हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग द्वारा आयोजित पुलिस भर्ती प्रक्रिया चल रही है। मुख्यमंत्री ने भर्ती में शामिल अभ्यर्थियों से संवाद कर उनकी तैयारियों, परीक्षा व्यवस्था और प्रशासन द्वारा किए गए इंतजामों के बारे में जानकारी ली। मुख्यमंत्री के अचानक दौरे से अभ्यर्थियों और उनके परिजनों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मैदान में मौजूद युवाओं से बातचीत करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को पारदर्शी और निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अभ्यर्थियों से पूछा कि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी तो नहीं हो रही और व्यवस्थाएं किस प्रकार की हैं। कई उम्मीदवारों ने सरकार द्वारा किए गए इंतजामों की सराहना की और भर्ती प्रक्रिया को सुचारू बताया।
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने PMT साइट के बाहर बनाए गए रेस्ट एरिया का भी निरीक्षण किया। यहां बड़ी संख्या में अभिभावक अपने बच्चों के साथ पहुंचे हुए थे। मुख्यमंत्री ने उनसे भी बातचीत की और सुविधाओं के बारे में फीडबैक लिया। मुख्यमंत्री को अपने बीच देखकर अभिभावकों और युवाओं में खासा उत्साह दिखाई दिया। इस दौरान कई अभ्यर्थियों और उनके परिवारों ने मुख्यमंत्री के साथ सेल्फियां भी लीं।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भर्ती प्रक्रिया के दौरान किसी भी अभ्यर्थी को असुविधा न हो और सभी मूलभूत सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि युवाओं का विश्वास बनाए रखना सरकार की प्राथमिकता है और भर्ती प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न कराई जाएगी।
उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार युवाओं को रोजगार के अधिक अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। प्रदेश में बिना पर्ची और बिना खर्ची के भर्ती प्रक्रिया सुनिश्चित की जा रही है, जिससे योग्य युवाओं को उनकी मेहनत के आधार पर अवसर मिल सके।
इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के प्रतिनिधियों ने भी मुख्यमंत्री को भर्ती प्रक्रिया की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने व्यवस्थाओं पर संतोष जताते हुए अधिकारियों को पूरी प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।
नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...


